Hair transplant case: डॉ. अनुष्का को क्लीनिक लेकर पहुंची पुलिस, पूछताछ कर रही है टीम

Spread the love

कानपुर में हेयर ट्रांसप्लांट के दौरान सहायक इंजीनियर की मौत के मामले में जेल में बंद डॉ. अनुष्का का कोर्ट से छह घंटे का पुलिस कस्टडी रिमांड विवेचक को मिला है. स्पेशल सीजेएम कुमुदलता त्रिपाठी ने बुधवार की सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक डॉ. अनुष्का को पुलिस कस्टडी में देने के निर्देश दे दिए थे.

पुलिस आरोपी डॉ. अनुष्का तिवारी को लेकर क्लिनिक पहुंची हैं. यहां टीम डॉक्टर से पूछताछ कर रही है. पुलिस ट्रांसप्लांटेशन में इस्तेमाल किए गए औजारों की बरामदगी के प्रयास कर रही है. बता दें कि रावतपुर पुलिस ने पनकी पावर हाउस की ऑफीसर्स कालोनी निवासी जया त्रिपाठी की तहरीर पर नौ मई को डॉ. अनुष्का के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी.

26 मई को सीजेएम कोर्ट में कर दिया था समर्पण

डॉ. अनुष्का पर आरोप है कि उन्होंने जया के पति पनकी पावर हाउस में सहायक अभियंता विनीत कुमार दुबे का अपने इंपायर क्लीनिक में हेयर ट्रांसप्लांट किया था, जिसके बाद उनकी मौत हो गई थी. रिपोर्ट दर्ज होने के बाद डॉ. अनुष्का फरार हो गईं थीं. दबाव बढ़ता देख सीजेएम कोर्ट में 26 मई को समर्पण कर दिया था.

छह घंटे का सशर्त पुलिस कस्टडी रिमांड किया था स्वीकार

कोर्ट में डॉ. अनुष्का ने ट्रांसप्लांटेशन के लिए इस्तेमाल किए गए उपकरण व अन्य सामान केशवपुरम स्थित उनके इंपायर क्लीनिक में होने की बात कही थी. इसी बयान के आधार पर विवेचक ने 31 मई को कोर्ट में अर्जी देकर डॉ. अनुष्का का 15 घंटे का पुलिस कस्टडी रिमांड मांगा था. इस पर अनुष्का के अधिवक्ता की ओर से लिखित आपत्ति जताई गई. दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने डॉ. अनुष्का का छह घंटे का सशर्त पुलिस कस्टडी रिमांड स्वीकार कर लिया.

कोर्ट ने यह लगाईं थीं शर्तें

-रिमांड पर लेते समय और जेल दाखिला करते समय विवेचक डॉ. अनुष्का का चिकित्सीय परीक्षण कराएगा.
-जेल दाखिले से पहले जेल अधीक्षक पुष्टि करेंगे कि डॉ. अनुष्का को कोई शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना नहीं दी गई.
-रिमांड अवधि के दौरान डॉ. अनुष्का के अधिवक्ता चाहें तो उचित दूरी पर रह सकेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *