पंजाब के बठिंडा में कार पार्किंग से मिली 4 लाख फॉलोअर वाली महिला इन्फ्लुएंसर की लाश

Spread the love

पंजाब के बठिंडा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां आदेश मेडिकल यूनिवर्सिटी की पार्किंग में एक कार से युवती का शव बरामद किया गया है. मृतका लुधियाना की रहने वाली है. वह सोशल मीडिया पर अपने विवादित बयानों और गतिविधियों को लेकर चर्चित रही है. पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है. शव का पोस्टमार्टम आज कराया जाएगा.

जानकारी के अनुसार, बठिंडा की आदेश मेडिकल यूनिवर्सिटी परिसर में खड़ी एक कार से युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. यह कार यूनिवर्सिटी की पार्किंग में काफी समय से खड़ी थी, जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. जब कार का दरवाजा खोला गया, तो भीतर युवती का शव पड़ा मिला.

पुलिस का कहना है कि मृतका की पहचान लुधियाना के लक्ष्मण नगर निवासी कंचन उर्फ कमल के रूप में हुई है. शव के साथ मिली कार भी कंचन के नाम पर ही रजिस्टर्ड है. प्रारंभिक जांच में किसी बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का.

सूत्रों की मानें तो कंचन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थी. उसके लाखों की संख्या में फॉलोअर्स थे. वह कई विवादों में भी घिरी रही. उसके कई पोस्ट और वीडियो चर्चाओं में रहे हैं, जिससे उसके कई लोगों से मतभेद भी हुए थे. पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं किसी रंजिश या साइबर विवाद के चलते यह घटना तो नहीं हुई. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *