गुजरात के अहमदाबाद से लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गया. इस विमान में क्रू मेंबर्स समेत 242 लोग सवार थे. हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे राहत और बचाव दल ने रेस्क्यू का कार्य शुरू कर दिया है. क्रैश हुए विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी सवार थे.
विमान हादसे के बाद इस फ्लाइट में सवार यात्रियों की लिस्ट भी सामने आ गई है. एअर इंडिया के क्रैश प्लेन (फ्लाइट संख्या एआई 171) में कुल मिलाकर 230 यात्री सवार थे. इस फ्लाइट में सवार यात्रियों की सूची में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी का भी नाम है. यात्रियों की लिस्ट में विजय रुपाणी का नाम 12वें नंबर पर अंकित है और उनका सीट नंबर 2D दर्ज है.
नागरिक उड्डयन मंत्रालय में एक इमरजेंसी बैठक के बाद मिनिस्टर ऑफ सिविल एविएशन राम मोहन नायडू और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं. हादसे के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ी मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू किया. सोशल मीडिया पर प्लेन क्रैश के कई वीडियो वायरल हैं, जिनमें दुर्घटनास्थल से धुएं का काला गुबार आसमान में उठता हुआ दिखाई दे रहा है. दुर्घटना के तुरंत बाद इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम की तैनाती मौके पर कर दी गई. अधिकारियों ने अभी तक दुर्घटना के कारण की पुष्टि नहीं की है. मेघानीनगर क्षेत्र के निकट धारपुर से दुर्घटनास्थल पर आसमान में भारी धुआं उठता दिखाई दिया. बीएसएफ और एनडीआरएफ की टीमों को दुर्घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है. क्रैश प्लेन बोइंग का 787-8 ड्रीमलाइनर बताया जा रहा है, जो 11 साल पुराना था.
एअर इंडिया के विमान AI-171 ने दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI Airport) से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरी थी और यहां कुछ देर के ठहराव के बाद गुरुवार दोपहर लंदन के लिए टेक ऑफ किया क्रैश हो गया. अग्निशमन अधिकारी जयेश खड़िया ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद विमान में आग लग गई और आग बुझाने के लिए दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. सूत्रों के मुताबिक गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता विजय रूपाणी भी इस प्लेन में सवार थे. एनडीआरएफ ने एक बयान में कहा कि 90 कर्मियों वाली उसकी तीन टीमें गांधीनगर से विमान दुर्घटना स्थल पर भेजी गई हैं. वडोदरा से कुल तीन और टीमें भेजी जा रही हैं.













Leave a Reply