भगवान कृष्‍ण की तर्ज पर ‘मिशन सुदर्शन चक्र’ लॉन्‍च, PM मोदी ने दुश्मनों को चेताया

Spread the love

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करते हुए मिशन सुदर्शन चक्र की घोषणा की. उन्होंने कहा कि जब युद्ध की तकनीक लगातार बदल रही है तो भारत को भी अपनी रक्षा क्षमता में उतना ही विस्तार करना होगा. सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने बताया कि 2035 तक देश के सभी महत्वपूर्ण स्थानों सामरिक ठिकानों से लेकर अस्पताल, रेलवे स्टेशन और आस्था के केंद्रों तक को एक आधुनिक तकनीकी सुरक्षा कवच से लैस किया जाएगा. इससे हर नागरिक सुरक्षित महसूस कर सके और किसी भी तकनीकी हमले का जवाब हमारी तकनीक और भी ताकतवर तरीके से दे सके.

‘सूर्य की रोशनी रोककर दिन में ही अंधेरा कर दिया’: असल में भगवान कृष्ण का किस्सा सुनाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जैसे महाभारत में श्रीकृष्ण ने अपने सुदर्शन चक्र से सूर्य की रोशनी रोककर दिन में ही अंधेरा कर दिया था. वैसे ही भारत का मिशन सुदर्शन चक्र दुश्मन के हमलों को नाकाम करेगा और कई गुना ताकत से पलटवार करेगा. यह एक शक्तिशाली वेपन सिस्टम होगा, जो न सिर्फ हमलों को विफल करेगा बल्कि रणनीतिक रूप से दुश्मन को मात देने में सक्षम होगा.

उन्होंने बताया कि यह मिशन पूरी तरह भारत में भारतीयों द्वारा बनाया जाएगा और आधुनिक युद्ध प्रणाली पर आधारित होगा. इसमें प्लस वन रणनीति के तहत वारफेयर तैयारियां होंगी, साथ ही टारगेटेड एक्शन की क्षमता विकसित की जाएगी. पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि बदलते युद्ध के तौर तरीकों के बीच यह मिशन भारत की सुरक्षा को नई दिशा देगा और देश को किसी भी खतरे का मुकाबला करने के लिए तैयार रखेगा.

वीर जांबाजों को सलाम करने का अवसर: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा आज मुझे लाल किले की प्राचीर से ऑपरेशन सिंदूर के वीर जांबाजों को सलाम करने का अवसर मिला है…हमारे वीर सैनिकों ने दुश्मनों को उनकी कल्पना से परे सजा दी है. 22 अप्रैल को पहलगाम में सीमापार से आतंकियों ने आकर जिस प्रकार का कत्लेआम किया, धर्म पूछकर लोगों को मारा गया…पूरा हिंदुस्तान आक्रोश से भरा हुआ था…ऑपरेशन सिंदूर उसी आक्रोश की अभिव्यक्ति है…हमारी सेना ने वो करके दिखाया जो कई दशकों तक कभी नहीं हुआ था. दुश्मन की धरती पर घुसकर आतंकी मुख्यालयों को मिट्टी में मिला दिया

गगनयान की तैयारी कर रहे: इसके अलावा भी पीएम मोदी ने कई बातें कही हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज मैं युवा वैज्ञानिकों, प्रतिभाशाली युवाओं, इंजीनियरों पेशेवरों और सरकार के सभी विभागों से आग्रह करता हूं कि हमारे पास अपने स्वयं के मेड इन इंडिया लड़ाकू विमानों के लिए जेट इंजन होने चाहिए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि स्पेस सेक्टर का कमाल तो हर देशवासी देख रहा है. हमारे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला स्पेस स्टेशन से लौट चुके हैं और आने वाले कुछ दिनों में भारत आ रहे हैं. हम स्पेस में भी अपने दम पर आत्मनिर्भर भारत गगनयान की तैयारी कर रहे हैं. हम अपना स्पेस स्टेशन बनाने की दिशा में हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *