कानपुर में बस ने रिटायर पोस्टमास्टर को कुचला, दबकर छटपटाते रहे, 5 मिनट में तोड़ा दम

Spread the love

कानपुर में तेज रफ्तार बस ने रिटायर पोस्टमास्टर को रौंद दिया. वो बस के टायर के नीचे दबे रहे। छटपटाते रहे. 5 मिनट में उनकी मौत हो गई. ये नजारा देख वहां से गुजर रहे लोग रुक गए. कई लोग इसका वीडियो बनाते रहे. थोड़ी देर में पुलिस पहुंची. उनको बाहर निकाला. पास के अस्पताल लेकर पहुंचे. इस दौरान उनका शरीर ठंडा पड़ चुका था.

पूरी घटना का वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि वो पहिए के नीचे दबे हैं. बाहर निकालने के लिए हाथ-पैर मार रहे थे. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है. हादसा कल्याणपुर इंदिरा नगर के पास का है.

सायरन की घबराहट से बस भगाने में हुआ हादसा: IIT कानपुर में आज CM योगी ‘समन्वय से उद्योग’ एकेडमिक जुड़ाव कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. कार्यक्रम खत्म होने के बाद CM IIT कैंपस से ही प्रस्थान कर गए. इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस अफसरों की गाड़ियां तेजी से निकली.

कल्याणपुर थाने के सामने इंद्रानगर चौराहे के पास पीछे से आ रहे अधिकारियों के काफिले के सायरन की आवाज सुनकर बिल्हौर की तरफ से आ रही बस के चालक ने जल्दबाजी और हड़बड़ाहट में बस को किनारे करने का प्रयास किया. तभी सड़क हादसा हो गया. भीड़ ने बस चालक को पकड़ लिया. उसे सड़क पर गिराकर पीटा. फिर पुलिस को सौंप कर दिया.

बेटा बोला-दवा लेने गए थे: जेब से मिले डॉक्टर के पर्चे से उनकी शिनाख्त बिठूर के नारामऊ निवासी रिटायर पोस्टमास्टर उजागर लाल (85) के रूप में हुई है. हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग रोते-बिलखते कल्याणपुर CHC पहुंचे.

मृतक के बेटे सर्वेंद्र ने बताया कि उजागर लाल सचेंडी पोस्ट ऑफिस से 2000 में पोस्टमास्टर के पद से रिटायर हुए थे. तबीयत खराब रहने के चलते वह पुरानी शिवली रोड स्थित डाॅ. गोपाल गुप्ता के क्लिनिक से दवा लेने आए थे, तभी हादसा हो गया. हादसे के बाद से उनकी पत्नी दमयंती देवी और बच्चे धर्मेंद्र, गिरेंद्र, महेंद्र, रामेंद्र और सर्वेंद्र और 4 बहुएं रो-रो कर बेहाल हो गईं.

DCP वेस्ट दिनेश त्रिपाठी ने बताया-‘बस चालक को पकड़ लिया है. बस को कब्जे में ले लिया है. तहरीर के आधार पर FIR की जाएगी. गुरुवार को शव परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *