सुबह-सुबह NH-44 पर वॉल्वो बस में लगी भीषण आग, 32 के मारे जाने की आशंका, 11 शव निकाले गए

Spread the love

आज (24 अक्टूबर) तड़के लोग नींद में ही रहे होंगे कि एक दर्दनाक हादसा हो गया. नेशनल हाईवे – 44 पर दौड़ती एक वॉल्वो बस में भीषण आग लगने से 11 लोगों की जलकर मौत हो गई. कुल 32 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है. अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. घटना बेंगलुरु – हैदराबाद नेशनल हाईवे पर घटी. यह बस हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही थी. कुर्नूल शहर से करीब 20 किमी दूर चिन्नातेकुर गांव के पास एक बाइक से बस की टक्कर के बाद आग लग गई. इस बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे. सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि बस पूरी तरह से जल गई है. आग चारों तरफ से लगी थी इसलिए शायद लोगों को बाहर निकलने का ज्यादा मौका नहीं मिला.

स्थानीय पत्रकारों ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि शुक्रवार तड़के कुरनूल (कुर्नूल) हाईवे पर चलती एक प्राइवेट ट्रैवल्स की बस में आग लगने से कई लोगों की जान चली गई. बस पूरी तरह से आग की लपटों में घिर गई थी जिससे भारी जनहानि हुई. CM चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. सीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा कि चिन्ना तेकुर गांव के पास कुर्नूल जिले में भीषण बस दुर्घटना से गहरा सदमा पहुंचा है. मेरी हार्दिक संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. सरकार घायलों और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देगी.

आगे के हिस्से में लगी आग: एक स्थानीय रिपोर्टर ने बताया है कि यह हादसा उल्लिंडकोंडा क्रॉस के पास चिन्नातेकुर गांव के पास हुआ. आग बस के आगे के हिस्से में तड़के करीब 3:30 बजे लगी और तेजी से पूरे बस में फैल गई. आग तेज होने पर 12 यात्री इमर्जेंसी गेट तोड़कर बाहर निकलने में कामयाब रहे. उन्हें मामूली चोट आई. 11 शव निकाले जा चुके हैं. घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आग लगने की वजह क्या थी, यह जांच के बाद ही पता चल पाएगा. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *