पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में शीतलहर के चलते हाड़कंपाऊ ठंड से लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त है. सुबह के समय कोहरे के साथ बर्फीली हवाओं ने गलन भरी ठंड का एहसास कराया. न्यूनतम तापमान की बात करें तो कानपुर का मौसम शिमला, कुल्लू और मनाली से भी ठंडा रहा.
कानपुर में पारे ने पिछले कई दशकों का रिकॉर्ड तोड़ रखा है, वहीं कॉर्डियोलॉजी समेत शहर के तमाम प्राइवेट एवं सरकारी अस्पतालों में हार्ट अटैक और ब्रेन स्टोक के मरीजों की संख्या बढ़ गई है. श्मशान घाटों पर अंतिम संस्कार की लंबी लाइन नजर आ रही है.
आईएमडी के अनुसार शिमला का न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री, कुल्लू का 5.0 डिग्री और मनाली का 5.1 डिग्री रहा. सीएसए की ओर से जारी वेदर रिपोर्ट के अनुसार कानपुर का न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि प्रदेश में सबसे कम व सामान्य से 4.2 डिग्री कम है.
24 घंटे के भीतर कानपुर का तापमान 7.4 डिग्री गिरा है. सुबह के समय कोहरा छाने से विजिबिलिटी कम रही. ठंड से बचाव के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया.
ठंड से बचाव के लिए अलाव तापते दिखे लोग।
धूप भी रही बेअसर, 24 घंटे रहेगी गलन: दोपहर में भी ठंड से राहत नहीं मिली. सुबह 11 बजे के लगभग धूप तो निकली लेकिन वह इतनी हल्की रही कि सर्दी से राहत न के बराबर रही. धूप निकलने के बाद भी चल रही बर्फीली हवाओं ने मौसम को ठंडा बनाए रखा. दिन में तीन बजे के बाद सूरज फिर आसमान में छिप गया और बर्फीली हवाओं ने गलन को बढ़ाया. अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 3.6 डिग्री कम है.
मौसम विशेषज्ञ डॉ एस एन पाण्डेय ने बताया कि आने वाले दिनों में सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिसके कारण ठंड और अधिक बढ़ेगी. उन्होंने बताया आगामी दिनों में कानपुर सहित गंगा के मैदानी भागों में भीषण ठंड का सामना करना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि 14 जनवरी तक कड़ाके की ठंड पड़ने की पूरी संभावना है. सर्द हवाओं के कारण गलन बनी रहेगी. इंडिया वॉइस आपसे अपील करता है कि ठंड से बुजुर्गों और बच्चों को बचाएं। जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें.
21 ट्रेनें देरी से पहुंची सेंट्रल: कोहरे के कारण घट रही विजिबिलिटी ट्रेनों की रफ्तार पर भी असर डाल रही हैं. नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली तेजस एक्सप्रेस (82502) 1.30 घंटे देरी से आई. इसके अलावा बरौनी से नई दिल्ली जाने वाली हमसफर एक्सप्रेस (02563) तय समय से 15.42 घंटे लेट रही. इसके अलावा राजधानी समेत 21 ट्रेनें देरी से कानपुर सेंट्रल पहुंची.
दिल के मरीजों पर भारी सर्दी: भीषण सर्दी दिल के मरीजों पर भारी पड़ रही है. कार्डियोलाजी में शनिवार व रविवार को 498 मरीज ओपीडी में पहुंचे. 58 मरीजों की हालत गंभीर होने पर उनको एडमिट भी किया गया है. इसके अलावा 6 मरीज मृत अवस्था में आए. शाम पांच बजे तक 38 मरीज इमरजेंसी में आए.
















Leave a Reply