दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की एक सोसाइटी में तीन सगी नाबालिग बहनों ने कथित तौर पर बिल्डिंग की 9वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी. यह घटना बुधवार तड़के 2 बजे भारत सिटी टाउनशिप में हुई. इस घटना से सोसाइटी में हड़कंप मच गया, पुलिस ने तीनों को लोनी संयुक्त अस्पताल भेजा, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. घटना भारत सिटी बी-1 टावर के फ्लैट नंबर 907 की है.

जानकारी के अनुसार, तीनों लड़कियों की उम्र 16, 14 और 12 साल थी। परिवार द्वारा ऑनलाइन गेम खेलने से मना करने के बाद तीनों बहनों ने बुधवार तड़के 2 बजे एक साथ बिल्डिंग से कूदकर आत्महत्या कर ली. पुलिस के मुताबिक, तीनों लड़कियां ऑनलाइन गेम खेलने की आदी थीं. कोरोनाकाल के बाद से वो नियमित स्कूल भी नहीं जाती थीं. उनका परिवार उनके गेम की लत के खिलाफ था. माता-पिता अक्सर लड़कियों को ऑनलाइन गेम खेलने से रोकते थे. पुलिस ने तीनों लड़कियों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है.
एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड आर्डर आलोक प्रियदर्शी ने बताया-“पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है. अभी तक की जांच में आया है कि तीनों ने सुसाइड किया है. तीनों एक साथ ही रहती थीं. मोबाइल से गेम खेलती थीं। किन परिस्थतियों में सुसाइड किया, इसकी जांच की जा रही हैं.”

कोरियन लव गेम की लती थी: कोरियन लव गेम एक प्रकार का ऑनलाइन गेम है. यह इंटरनेट पर चलने वाले ऐसे ऑनलाइन चैट सिस्टम का नाम है, जिसमें सामने वाला खुद को कोरियन या विदेशी लड़का-लड़की बताकर बात शुरू करता है. यह गेम ज्यादार सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए फैलती है. शुरुआत में सामने वाला दोस्ती और प्यार की बातें करता है. आसान-आसान टास्क दिए जाते हैं, ताकि भरोसा बन जाए. धीरे-धीरे टास्क बढ़ते जाते हैं। मानसिक दबाव बनने लगता है. कई मामलों में बात न मानने पर डराया जाता है. इससे खेलने वाला व्यक्ति तनाव में आ जाता है.
सुसाइड नोट में लिखा- गेम नहीं छोड़ पा रही हूं: तीनों बहनें जिस रूम में सोती थीं, वहां डायरी में सुसाइड नोट मिला. इसमें लिखा- “मम्मी पापा सॉरी…गेम नहीं छोड़ पा रही हूं। अब आपको यह एहसास होगा कि हम इस गेम से कितना प्यार करते थे, जिस गेम को आप छुड़वाना चाहते थे.”
पिता बोले- अपने बच्चों को मोबाइल गेम खेलने न दें: पिता चेतन ने बताया- सुसाइड नोट 8 से 10 पेज का सुसाइड नोट है। इसमें बेटियों ने सुसाइड और गेम के संबंध में बताया। बेटियों ने लिखा- ‘सॉरी पापा, हम गेम नहीं छोड़ सके। कोरियन हमारी जिंदगी, हमारी जान है।’
चेतन कहते हैं- मेरी बच्चियों के साथ बहुत बुरा हुआ। कोई मां-बाप अपने बच्चों को मोबाइल गेम खेलने न दें। कौन सा टास्क हो जाता है, पता नहीं चलता। मुझे पता होता कि क्या टास्क दे रहे हैं तो हम गेम खेलने ही नहीं देते।
पुलिस बोली- बच्चियां 80 फीट की ऊंचाई से कूदी थीं: SP अतुल कुमार सिंह ने बताया- लड़कियों की उम्र 12, 14 और 16 साल थी। पिता चेतन ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग का काम करते हैं। पुलिस को रात 2:18 बजे सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
जिस ऊंचाई से तीनों बच्चियां कूदीं, वहां से जमीन 80 फीट है. तीनों बच्चियां जमीन पर पड़ी मिलीं और गंभीर रूप से घायल थीं. उन्हें एंबुलेंस से लोनी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.
















Leave a Reply