लखीमपुर में कोहरे से ट्रक में घुसी कार: पति-पत्नी, साले की मौत; आगरा एक्सप्रेस-वे पर 10 गाड़ियां टकराईं

Spread the love

यूपी में कोहरे का कहर जारी है. गुरुवार सुबह लखनऊ, प्रयागराज समेत 15 जिले घने कोहरे की चपेट में रहे। कोहरा बारिश की तरह गिरा. सड़कें गीली हो गईं। विजिबिलिटी शून्य तक सिमट गई. सड़कों पर कुछ भी देखना मुश्किल हो गया.

लखीमपुर-खीरी में हाईवे पर जलालपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से जा घुसी. हादसे में बहराइच के पति, पत्नी और साले की मौत हो गई. दो लोग घायल हो गए। योगी ने हादसे पर संज्ञान लेते हुए राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए. वहीं, उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण बस-कारों समेत 10 गाड़ियां टकरा गईं. हादसे में 10 लोग घायल हो गए. एक्सप्रेस-वे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया.

कोहरे की वजह से रेल यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है. कानपुर समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 25 से ज्यादा ट्रेनें लेट हैं.

मौसम विभाग का कहना है कि पछुआ हवाओं से सुबह और शाम ठंड बढ़ गई है. कल से पहाड़ी राज्यों में फिर से बर्फबारी और बारिश का दौर शुरू होगा. इसका असर यूपी पर पड़ेगा. पिछले 24 घंटे में हरदोई सबसे ठंडा रहा. पारा 8°C दर्ज किया गया.

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- “पूर्वांचल के कुछ हिस्सों को छोड़कर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई. दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान बढ़ा है. पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंड बढ़ेगी. अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2-3°C की गिरावट हो सकती है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *