हनुमान जयंती पर रिलीज हुआ ‘Ramayana’ टीजर, भगवान राम के लुक में रणबीर ने जीता दिल

Spread the love

गुरुवार को हनुमान जयंती के मौके पर, नितेश तिवारी की भारतीय महाकाव्य ‘रामायण’ का टीजर रिलीज हो गया है. रणबीर कपूर का भगवान राम के रूप में पहला लुक भी सामने आया है.  हालांकि, इस फिल्म की पहली झलक मंगलवार को लॉस एंजिल्स में ही जारी कर दी गई थी, लेकिन मुंबई में इसे जारी करने का समय इसके डिजिटल रिलीज के साथ ही रखा गया था.

टीजर में भगवान राम को एक ऐसे रक्षक के तौर पर दिखाया गया है जो ‘हर समस्या का समाधान’ हैं. इसमें यह भी बताया गया है कि वे पिछले 5000 सालों से लोगों के दिलों पर राज कर रहे हैं. वीडियो में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में नजर आते हैं और उनके ऊपर लोग फूल बरसाते हुए दिखाई देते हैं. लोगों को रणबीर कपूर का भगवान राम वाला लुक बहुत पसंद आ रहा है. 

दो हिस्सों में आएगी ‘रामायण’ फिल्म: नमित मल्होत्रा की ‘रामायण’ को दो हिस्सों में बनाने की तैयारी कर रहे हैं और इसका पहला टीजर सामने आ चुका है. इस झलक में दर्शकों को पहली बार रणवीर कपूर को भगवान राम के किरदार में नजर आ रहे हैं. फिल्म को प्राइम फोकस स्टूडियोज, डीएनईजी और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स मिलकर बना रहे हैं. बड़े लेवल पर बनाई जा रही ये फिल्म सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि हिंदू संस्कृति और आस्था से जुड़ा अहम हिस्सा भी दिखाने की कोशिश कर रही है.

टीजर ने जीता लोगों का दिल: इस टीजर में राम को सिर्फ एक योद्धा नहीं, बल्कि एक ऐसे इंसान के तौर पर दिखाया गया है जो कर्तव्य, सच्चाई और दया जैसे मूल्यों पर चलता है. हमारे देश में रामायण सिर्फ कहानी नहीं, बल्कि विश्वास और परंपरा का हिस्सा है. फिल्म इसी भावना को बनाए रखते हुए इसे दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है. इसमें राम के फैसलों पर खास ध्यान दिया गया है, जैसे अपनी इच्छाओं से ऊपर कर्तव्य को रखना और हर मुश्किल में मजबूत बने रहना.

रणबीर कपूर ने रखी दिल की बात: यही बात उन्हें ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ बनाती है. राम का किरदार निभाने को लेकर रणबीर ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि मैं राम को दिखाने आया हूं, मैं उनसे सीखने आया हूं. उनमें एक सादगी और पवित्रता है जो बहुत कम देखने को मिलती है. इसे समझना और अपने अंदर उतारना मेरे लिए बहुत ही विनम्र अनुभव रहा है’. उनके इस बयान से साफ है कि उन्होंने इस किरदार को सिर्फ एक्टिंग के तौर पर नहीं, बल्कि एक सीख के तौपर पर लिया है, जिसको लेकर वे एक्साइटेड भी हैं.

क्या बोले डायरेक्टर-प्रोड्यूसर: फिल्म के डायरेक्टर नितेश तिवारी (Nitesh Tiwari) का कहना है, ‘रामायण की सबसे बड़ी ताकत उसकी भावनाएं हैं. ये सिर्फ अच्छाई और बुराई की कहानी नहीं है, बल्कि फैसलों और उनके असर की कहानी है’. वहीं निर्माता नमित मल्होत्रा (Namit Malhotra) ने कहा, ‘राम की ताकत इस बात में है कि वह क्या छोड़ते हैं, न कि क्या जीतते हैं. वे हमेशा कर्तव्य को इच्छा से ऊपर रखते हैं’. इन बातों से साफ है कि फिल्म में भावनाओं और सोच को गहराई से दिखाया जाएगा.

नजर आएंगे कई बड़े कलाकार: इस मोस्ट अवेटेड फिल्म में रणबीर कपूर के अलावा और कई बड़े कलाकारों की दमदार टोली भी नजर आने वाली है, जिनमें साई पल्लवी माता सीता के रोल में हैं. कन्नड़ सुपरस्टार यश रावण के किरदार में, सनी देओल राम भक्त हनुमान के किरदार में नजर आने वाले हैं. साथ ही रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में दिखेंगे. फिल्म में म्यूजिक हंस जिम्मर और एआर रहमान दे रहे हैं. ‘रामायण पार्ट 1’ दिवाली 2026 में रिलीज होगी और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *