रेलवे पुल से बाढ़ का जायजा ले रहे थे चंद्रबाबू नायडू, अचानक तेज रफ्तार में गुजरी ट्रेन; देखें VIDEO

Spread the love

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू बाढ़ से तबाह हुए लोगों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं. इस दौरान वह एक रेलवे पुल से उफनती नदी का सर्वेक्षण कर रहे थे. इसी दौरान उनके ठीक बगल से एक ट्रेन तेजी से गुजरी. आपको बता दें कि विजयवाड़ा में मूसलाधार बारिश और बाढ़ के बाद नायडू ने राहत कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने के लिए बाढ़ प्रभावित स्थानों का कई बार दौरा किया है.

चंद्रबाबू नायडू गुरुवार को विजयवाड़ा में एक छोटे से रेलवे पुल के ऊपर से बाढ़ की स्थिति का प्रत्यक्ष रूप से आकलन कर रहे थे। उनके साथ कई अधिकारी और एनएसजी कमांडो भी थे. इसी दौरान एक ट्रेन तेजी से गुजरी. इस दौरान नायडू एक संकीर्ण प्लेटफॉर्म पर पुल की रेलिंग के पास खड़े थे। वह बेफिक्र थे.

तेज गति से चल रही ट्रेन के यात्रियों ने उनके फील्डवर्क का उत्साहवर्धन किया.

आपको बता दें कि आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में बुडामेरु नामक छोटी नदी के तटबंध में आई दरार को बंद करने के लिए भारतीय सेना की ‘इंजीनियरिंग टास्क फोर्स’ युद्ध स्तर पर काम कर रही है. राज्य सरकार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. इस घटना के बाद शहर में बाढ़ आ गई थी. दो दरारों को बंद कर दिया गया है तथा तीसरी दरार को भरने के संबंध में टास्क फोर्स, राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है.

सरकार ने कहा, ‘‘भारतीय सेना की ‘इंजीनियरिंग टास्क फोर्स’ दरारों को बंद करने में लगी हुई है. अधिकारियों ने युद्ध स्तर पर दो दरारों को बंद कर दिया है और सेना के अधिकारियों के सहयोग से तीसरी दरार को भरने का काम किया जा रहा है.’’

मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक की और दरारों को बंद करने में हुई प्रगति के बारे में जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को सभी विभागों को शामिल करके तीसरी दरार को यथाशीघ्र बंद करने के निर्देश दिए तथा बिजली आपूर्ति को बहाल करने, दूरसंचार सिग्नल कनेक्टिविटी और टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति के बारे में भी जानकारी ली.

मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों के लिए छह आवश्यक वस्तुओं के वितरण के बारे में भी जानकारी ली और अधिकारियों ने उन्हें बताया कि सामान पैक कर लिया गया है तथा वितरण शुरू हो गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *