48 डिग्री की तपिश के बाद कुदरत ने दी थोड़ी रहमत, दिल्ली-NCR में बारिश ने दी राहत

Spread the love

दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी से हाहाकर मचा था. तपती धूप के साथ 40 डिग्री सेल्सियस पार टेंपरेचर ने लोगों को पसीने से नहला दिया था. वहीं अब राजधानी में मौसम सुहावना हो गया है. बता दें कि लू के थपेड़ों के बाद दिल्ली के कई इलाकों में बादल और हल्की बारिश देखने को मिली, जिससे गर्म हवा में ठंडक देखने को मिली. भीषण गर्मी के बीच बारिश ने लोगों को राहत दी है. मौसम विभाग ने पहले ही आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी कर दिया था.

जानलेवा गर्मी से राहत: उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है. सुबह से लेकर रात तक लोगों के लिए यहां बिना पंखे, AC और कूलर के सांस लेना दूभर हो गया था. ऐसे में आई बारिश किसी बड़ी राहत से कम नहीं है. मौसम विभाग ने दिल्ली के तकरीबन सभी क्षेत्रों में शनिवार ( 23 मई 2026) को आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी कर दिया था. वहीं उत्तरी-पश्चिम हवाओं के चलते पूरी दिल्ली काले बादलों की चपेट में आ गई.

दिल्ली के कई इलाकों पर रहमत: भीषण गर्मी के बाद दिल्ली के फिरोजशाह रोड पर मौसम सुहावना हो गया. इसके अलावा दिल्ली गेट, कनॉट प्लेस, करोल बाग, पहाड़ गंज और कश्मीरी गेट जैसे इलाकों में भी बारिश हुई है. कई जगहों पर अभी भी बादल छाए हैं. दिल्ली के अलावा नोएडा-गुरुग्राम में भी मौसम बदला है. यहां आसमान में बादल छाने के साथ ही कई जगहों पर हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली. नोएडा में भी पिछले कुछ दिनों से तपती गर्मी ने लोगों को परेशान किया था. यहां का तापमान 40 डिग्री से पार पहुंचा है.

फिर लौटेगी गर्मी: मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली के लोगों को फिलहाल ज्यादा खुश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह बारिश-आंधी थोड़े ही समय के लिए है. आने वाले दिनों तेज गर्मी और परेशान कर सकती है. यहां तक की IMD ने लू को लेकर अलर्ट भी जारी किया है. इसके अलावा बारिश के चलते हवा में नमी बन जाएगी, जिससे ह्यूमिडिटी बढ़ने के चलते और भी ज्यादा उमस बढ़ सकती है. बारिश बंद होते ही फिर से तेज गर्मी पड़ेगी. वहीं चिलचिलाती धूप के चलते अधिकतम तापमान 42 डिग्री से ज्यादा बढ़ सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *