कॉकरोच जनता पार्टी का संसद मार्च शुरू, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को लाठीचार्ज कर खदेड़ा

Spread the love

दिल्ली में आज से शुरू हो रहे संसद के मॉनसून सत्र के पहले ही दिन सड़क से लेकर संसद तक भारी हंगामे के आसार नजर आ रहे हैं. कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने करीब 30 हजार लोगों के साथ अपना प्रस्तावित ‘चलो संसद’ मार्च शुरू कर दिया है. इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस और तमाम सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है.

इस दौरान CJP के संसद मार्च के लिए जमा हुए प्रदर्शनकारियों की RPF के जवानों से झड़प हो गई. हालात को काबू करने के लिए पुलिस और RPF ने प्रदर्शनकारियों को लाठीचार्ज कर पीछे खदेड़ दिया है. कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया है. सीजेपी के ‘संसद मार्च’ को देखते हुए दिल्ली पुलिस और तमाम सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं.

हालांकि सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आज भी सभी प्रदर्शनकारियों से ‘संसद मार्च’ को शांतिपूर्ण रखने की अपील की है. दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के संसद मार्च से पहले नई दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है.

सीजेपी नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और प्रभावित छात्रों को न्याय देने की मांग को लेकर 20 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है. अभिजीत दीपके की रातभर धरनास्थल पर डटे रहने की अपील के बाद रविवार को ही बड़ी संख्या में लोग जंतर-मंतर पर पहुंच गए थे और सोमवार को प्रस्तावित ‘संसद चलो’ मार्च से पहले वहां बैनर लगाकर नारेबाजी की.

राजीव चौक समेत दिल्ली में 5 मेट्रो स्टेशन बंद

कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च के ऐलान के बीच आज दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने पोस्ट कर बताया है कि सुरक्षा कारणों से जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *