मेरठ जिले के परीक्षितगढ़ कस्बे में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की सातवीं रथ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया. श्रद्धा और उत्साह के बीच शुरू हुई यात्रा उस समय मातम में बदल गई, जब रथ ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया. करंट फैलते ही मौके पर अफरातफरी मच गई और कई श्रद्धालु इसकी चपेट में आकर झुलस गए. हादसे में गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों का इलाज जारी है.
रथयात्रा के ध्वज में उतरा करंट, बरपा कहर: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रथ यात्रा ओम पब्लिक स्कूल परिसर से शुरू हुई थी. श्रद्धालु नंगे पैर रस्सियों की सहायता से भगवान जगन्नाथ के रथ को खींच रहे थे. यात्रा आगे बढ़ ही रही थी कि रथ की ऊंचाई अधिक होने के कारण वह हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया. बिजली का करंट पूरे रथ और आसपास मौजूद लोगों तक फैल गया, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
कई झुलसे, एक व्यक्ति की मौत: स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तुरंत निजी अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. गंभीर रूप से घायल गंधार दरवाजा निवासी 25 वर्षीय सचिन की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि लखीमपुर खीरी के 63 वर्षीय भारतदास को मेरठ रेफर किया गया. सचिन परिवार का सबसे बड़ा बेटा था और मजदूरी कर अपने घर का पालन-पोषण करता था. उसकी मौत की खबर से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई.
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात अभिजीत सिंह और एसडीएम मवाना संतोष कुमार अस्पताल तथा घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.
पुलिस प्रशासन ने घटना पर क्या बताया: अभिजीत कुमार (SP, देहात मेरठ) ने बताया, हादसे में कुल 11 श्रद्धालु झुलसे हैं. इनमें गुड्डी, वतनदीप, सोमेश, मदनपाल, मोहित, चेतन, विशेष धामा, पीरू, यश, महेश शर्मा, प्रियांक, विवेक, राजेश मिश्र और लता सहित कई लोग शामिल हैं. इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
आयोजकों का कहना है कि रथ की ऊंचाई अधिक होने के साथ सड़क की ऊंचाई और गड्ढों की वजह से रथ बिजली लाइन के बेहद करीब पहुंच गया, जिससे यह दुर्घटना हुई. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी भी जताई. वहीं पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
















Leave a Reply