कानपुर के जाजमऊ में ‘भ्रष्टाचार और लापरवाही’ का एक और गड्ढा, पुलिस ने एक लेन बंद करायी

Spread the love

कानपुर के जाजमऊ स्थित सरैया चौराहे पर बुधवार सुबह करीब 11 बजे सड़क के बीचोंबीच अचानक बड़ा गड्ढा हो गया. बारिश के बाद गड्ढा बढ़कर करीब 3 मीटर चौड़ा और 18 फीट गहरा हो गया है.

यह मार्ग जाजमऊ को सर्किट हाउस से जोड़ता है और वीआईपी मार्ग होने के कारण यहां लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है. सड़क धंसने से आसपास रहने वाले लोगों में दहशत है.

पुलिस ने एक लेन का आवागमन कराया बंद: गड्ढा होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. संभावित हादसे को देखते हुए पुलिस ने सड़क की एक लेन पर आवागमन बंद करा दिया. आगामी जुलूस-ए-मोहम्मदी को देखते हुए प्रशासन के सामने भी चुनौती बढ़ गई है. जुलूस के दौरान इस मार्ग पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है.

स्थानीय निवासियों जावेद, रमेश और युवराज ने बताया कि करीब एक महीने पहले इसी स्थान पर छोटा गड्ढा हुआ था. उस समय संबंधित विभाग ने मलबा डालकर उसे भर दिया था. लोगों का आरोप है कि सड़क के नीचे की स्थिति की तकनीकी जांच नहीं कराई गई.

मंगलवार रात और बुधवार को हुई तेज बारिश के बाद जमीन धंसने से वही गड्ढा अचानक कई गुना बड़ा हो गया. अब इसकी गहराई करीब 18 फीट तक पहुंच गई है.

नौ परिवारों पर मंडरा रहा खतरा: गड्ढे के आसपास करीब आधा दर्जन मकान बने हैं, जिनमें नौ परिवार रहते हैं. स्थानीय लोगों को आशंका है कि बारिश जारी रहने या जमीन के नीचे कटाव बढ़ने पर आसपास के मकानों की नींव भी प्रभावित हो सकती है.

स्थानीय निवासी सीता और मेवालाल ने बताया कि गड्ढा इतना गहरा है कि उसके आसपास खड़ा होना भी जोखिम भरा है. लोगों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कराने, गड्ढे की तकनीकी जांच कराने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.

लोगों का आरोप है कि अभी तक संबंधित विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *