कानपुर में एक युवक ने अपनी रिश्ते की चाची पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद वह मौके से भाग निकला। शनिवार को युवक का शव घर से करीब 500 मीटर दूर जंगल में पेड़ से लटका मिला।
पुलिस की जांच में पता चला कि युवक और उसकी चाची के बीच अफेयर चल रहा था। गुरुवार को शादी समारोह के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
इसके बाद चाची पर चाकू से 4 बार वार कर दिया। चाकू से हमले में गंभीर रूप से घायल चाची का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। घटना साढ़ थाना क्षेत्र के बेहटा बुजुर्ग गांव की है।

उम्र में 10 साल बड़ी चाची से था अफेयर: साढ़ थाना क्षेत्र के बेहटा बुजुर्ग गांव के रहने वाले शिवम उर्फ त्रेहन (22) ड्राइवर का काम करता था। शिव के पिता फूल सिंह खेती-किसानी करते हैं। शिव का अपनी चाची के घर आना-जाना था।
पिता ने बताया कि इसी बीच वो दोनों एक-दूसरे से बातचीत करने लगे थे। चाची उम्र में 10 साल बड़ी हैं। 26 नवंबर को शिवम अपनी बुआ के घर शादी समारोह में शामिल होने गया था। शादी समारोह के दौरान देर शाम दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि इस दौरान शिवम ने चाची पर चाकू से कई वार किए। उन्हें लहूलुहान हालत में छोड़कर वह मौके से भाग निकला। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, जबकि घायल चाची को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जंगल में पेड़ से लटका मिला शव: शनिवार को शिवम का शव शादी समारोह स्थल से करीब 500 मीटर दूर सचेंडी के जंगल में पेड़ से मफलर के सहारे लटका मिला। सूचना पर सचेंडी थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सचेंडी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















Leave a Reply