सुधांशु त्रिवेदी बोले- ‘अलाउद्दीन और जलालुद्दीन खिलजी की तरह गले मिलते हैं राहुल-अखिलेश’

Spread the love

अखिलेश यादव का PDA आलू की तरह है। जैसे आलू को किसी भी सब्जी में मिलाकर बनाया जा सकता है, उसी तरह उनका PDA भी कहीं भी मिला दिया जाता है। वे लगातार उसके स्वरूप को बदलते रहते हैं।

राहुल गांधी और अखिलेश यादव दोनों ऐसे गले मिलते हैं, जैसे अलाउद्दीन खिलजी अपने चाचा जलालुद्दीन खिलजी से गले मिला था। दोनों के मन में यही सोच थी कि कौन कब किसको निपटा ले और ज्यादा से ज्यादा जगह पर कब्जा कर ले।

ये बातें भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कानपुर में कही। शनिवार को हिंदू आध्यात्मिक मेले में पहुंचे।

बोले- सीट बंटवारा तो दूर, एक-दूसरे को देखना भी पसंद नहीं: सुधांशु त्रिवेदी ने कहा- सीटों का बंटवारा तो दूर, दोनों नेता 10 मिनट तक एक-दूसरे को देखना भी पसंद नहीं करते हैं। समाजवादी पार्टी ने पहले रायबरेली में रोड शो करके और फिर अपनी सूची पहले जारी करके कांग्रेस को उसकी हैसियत बता दी है।

हमारी पार्टी में बिल्कुल साफ मुख्यमंत्री पद है: सुधांशु त्रिवेदी ने कहा- मुख्यमंत्री को लेकर मुझे लगता है किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है। हमारी पार्टी में तो बिल्कुल साफ मुख्यमंत्री पद है। और देखिए जो लोग इस विवाद को पूछ रहे हैं, इसका मतलब वो भी दिल में दिल में मान रहे हैं कि मुख्यमंत्री तो हमारा ही बनेगा। वो कहीं मुख्यमंत्री की रेंज में नहीं हैं। इसलिए और जहां तक विवाद की बात है, दूसरों में तो बात ही क्या कही जाए। क्या जवाब दे रहे हैं इमरान मसूद, इधर से इकरा हसन, इधर से आजम खां… क्या जबरदस्त बयानबाजी चल रही है।

सपा ने कांग्रेस को मैसेज दे दिया है::भाजपा प्रवक्ता ने कहा- दूसरी तरफ आप देखिए, कांग्रेस पार्टी में निवर्तमान अध्यक्ष और वर्तमान अध्यक्ष के लोगों के बीच में किस प्रकार का जूतम-पैजार हो रहा है। उसके बाद मुझे लगता है भली-भांति समझना चाहिए और जो कुछ इनके कांग्रेस और इनके दलों के बीच में हो रहा है, मुझे लगता है कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को मैसेज दे दिया है।

सपा ने घोषणापत्र पहले जारी करके कांग्रेस को हैसियत बता दी: उन्होंने कहा- पहले अखिलेश जी ने अपनी यात्रा रायबरेली से शुरू की, जिस पर तत्कालीन इनके प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बोले कि हम इटावा से शुरू करेंगे। उसके बाद इमरान मसूद से लगातार बुलवा रहे हैं, उनको कार्यकारी अध्यक्ष बनवा के। उसके बाद उन्होंने पहले सूची भी जारी कर दी, जिसमें मैसेज भी दे दिया कि कौन सा वोट बैंक है जिस पर उनको… जिस पर उनका भी दिलाया हुआ और कांग्रेस का भी दिलाया हुआ है। और उसके बाद अपना घोषणापत्र भी जारी कर दिया। यानी उन्होंने कांग्रेस को हैसियत बता दी है कि हम तो चल दिए हैं भाई, अब तुम्हारी हैसियत हो तो पीछे-पीछे आओ।

चालू पार्टी’ और ‘चिरकुट पार्टी’ के बीच में जो चित्रपट संगीत चल रहा: सुधांशु त्रिवेदी ने कहा- एक बात याद दिला दूं, ये गठबंधन के बाद भी एक-दूसरे को क्या बोलते थे। 2023 का मध्य प्रदेश का चुनाव। वहां याद करिए कांग्रेस ने क्या कहा सपा के लिए कि ये ‘चिरकुट पार्टी’ है। आप सबको याद होगा। कमलनाथ जी का वो वीडियो याद होगा- ‘अखिलेश-वखिलेश को छोड़ो’। फिर अखिलेश जी ने जाके मध्य प्रदेश में क्या बोला कांग्रेस के लिए-‘ये कांग्रेस बहुत चालू पार्टी है’। यानी ये तब जब दोनों गठबंधन में थे।

तो मुझे लगता है अब उत्तर प्रदेश में ये ‘चालू पार्टी’ और ‘चिरकुट पार्टी’ के बीच में जो चित्रपट संगीत चल रहा है, देश की जनता और प्रदेश की जनता उसको भली-भांति समझ रही है। मगर उसका मन आश्वस्त बना हुआ है कि भारतीय जनता पार्टी को निर्णायक अभूतपूर्व जनादेश देगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *