कानपुर में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश: पायलट और ट्रेनी की मौत, धमाके के साथ नीचे गिरा

Spread the love

कानपुर में गुरुवार सुबह 11:50 बजे एक ट्रेनिंग विमान क्रैश हो गया. विमान उड़ा रहे पायलट और ट्रेनी की मौत हो गई. हादसा गंगा बैराज के पास हुआ. जिस वक्त विमान हवा में डगमगाया, वह करीब 100 फीट ऊपर था. संतुलन बिगड़ने के बाद विमान पेड़ों से टकराता हुआ नीचे जा गिरा और फिर तेज धमाका हुआ.

दुर्घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. करीब 12:15 बजे पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. इलाके की घेराबंदी की। पुलिस ने खून से लथपथ पायलट सचिन भाटिया (गुजरात) और ट्रेनी अभिषेक पुजारी (कर्नाटक) को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें दिख रहा है कि ऊंचाई से गिरने के बाद विमान मलबे में तब्दील हो गया. कॉकपिट के पास फंसा हुआ एक पायलट नजर आ रहा है. दूसरा गंभीर हालत में विमान से थोड़ी दूर खून से लथपथ पड़ा है. विमान की एक सीट भी टूटकर बाहर पड़ी हुई है.

कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया- “टेक्नम कंपनी के चार-सीटर विमान ने चकेरी स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से 11:30 बजे उड़ान भरी थी. 20 मिनट बाद 39 किमी दूर नत्थापुरवा गांव में क्रैश हो गया. पायलट के पास 3000 घंटे उड़ान का अनुभव था. डीजीसीए (DGCA) को जानकारी दे दी गई है. अब उनकी टीम जांच-पड़ताल करेगी.”

सीएम योगी ने जताया दुख: कानपुर में एयरक्राफ्ट क्रैश की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है. सीएम योगी ने हादसे में मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और परिजनों को यह अपार दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की .

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *