स्कूल में छुट्टी हो जाएगी, इसलिए छात्र को मार डाला, हाथरस में 8 वीं के छात्र का कबूलनामा

Spread the love

हाथरस के डीएल पब्लिक स्कूल में कक्षा 2 में पढ़ने वाले कृतार्थ को उसके सीनियर छात्र ने अंगोछे से गला घोंटकर मारा था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी छात्र का स्कूल में मन नहीं लग रहा था. वह छुट्टी चाहता था. इसलिए उसने ही कृतार्थ की हत्या कर दी. उसने दो और बच्चों को भी मारने का प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हुआ. कृतार्थ की हत्या के 4 दिन पहले हॉस्टल की सीढ़ियों पर लगे CCTV भी तोड़ दिए थे.

आरोपी छात्र मथुरा का रहने वाला है. उसके पिता मथुरा में दुकानों पर केक आदि की सप्लाई करते हैं. उसके दो भाई भी इसी स्कूल में पढ़ते हैं। पुलिस ने गुपचुप तरीके से उसे 16 दिसंबर को हिरासत में लेने के बाद बाल सुधार गृह भेज दिया.

इधर, कृतार्थ के परिजनों ने पुलिस की कहानी को झूठा करार दिया. उनका कहना है कि स्कूल मैनेजर दिनेश बघेल इस मामले में पूरी तरह से दोषी था. उसकी गाड़ी में बच्चे की डेडबॉडी मिली थी.

पहले पढ़िए आरोपी छात्र का कबूलनामा…

आरोपी छात्र ने पुलिस को बताया- मैंने 2024 में कक्षा 8 में प्रवेश लिया था. मैं और मेरे दो भाई भी इसी स्कूल के आवासीय हॉस्टल में रहकर पढ़ते थे. मेरा यहां एक भी दिन मन नहीं लग रहा था, मैं चाहता था कि कैसे भी मैं यहां से अपने घर चला जाऊं.

मैंने मोबाइल पर देखा था कि अगर किसी स्कूल में बच्चे की मौत हो जाती है, तो स्कूल कई दिनों के लिए बंद हो जाता है. बस मेरे दिमाग में भी यही प्लान आने लगे. मैंने सोचा कि अगर किसी छोटी क्लास के बच्चे का गला दबा दूंगा तो किसी को पता भी नहीं चलेगा और वह शोर भी नहीं मचा सकेगा.

मैंने यह बात हॉस्टल में रहने वाले राजस्थान के बच्चों को भी बताई थी लेकिन उन्होंने मजाक में ले लिया था. लेकिन मैं मौके की फिराक में लग गया.

लाल रंग के अंगोछे से गला घोटा

छात्र ने बताया- 22 सितंबर को सभी बच्चे हॉल में सो रहे थे. मेरा छोटा भाई और कृतार्थ फर्श पर गद्दा लगाकर सोए हुए थे. मैं भी उसी हॉल में था। जब देखा कि सभी सो गए हैं, तो मैं अपने बिस्तर से उठा और कृतार्थ के पास जाकर लेट गया. कृतार्थ कुछ देर के लिए तड़पा…फिर शांत हो गया मेरे पास लाल रंग का अंगोछा था. मैने धीरे-धीरे से अंगोछा कृतार्थ के गले में कस दिया. बाद में पूरी ताकत लगाकर खींच दिया.

इसी दौरान मैंने देखा कि एक बच्चा पेशाब करने के लिए उठा तो, मैं खामोश होकर कृतार्थ के पास लेट गया. जब बच्चा अपने बिस्तर पर जाकर लेट गया, तो मैं भी कृतार्थ के पास से उठा और वापस अपने बिस्तर पर चला गया.

4 दिन पहले तोड़ दिए थे CCTV

आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया, वारदात से 4 दिन पहले मैंने अपने कमरे की दीवार की सीढ़ियों पर लगे CCTV कैमरे के तार तोड़ दिए थे। ऐसा करते हुए मुझे एक लड़के ने देख लिया था. मैंने उसे ये कहकर डरा दिया था कि अगर तूने किसी से कहा तो तुझे मैं मार दूंगा. डर की वजह से उसने ये बात किसी को नहीं बताई. पहले दो और छात्रों को मारने का किया प्रयास कृतार्थ की हत्या से करीब तीन महीने पहले आरोपी किशोर ने दो छात्रों को मारने का प्रयास किया था. पुलिस ने चार्जशीट में ये दावा किया है. आरोपी के मुताबिक, जब मैंने एक छात्र का गला दबाया तो वो उठकर बैठ गया. मैं तुरंत कमरे से बाहर निकल गया और इस बारे में किसी को पता नहीं चला। इस तरह ये मामला दब गया.

स्कूल के पीछे फेंका अंगोछा

आरोपी छात्र ने कबूला है कि जिस अंगोछे से कृतार्थ का गला घोंटा था, उसे मेंहदी के पेड़ों की तरफ फेंक दिया. कुछ घंटों बाद मैं वो अंगोछा वहां से हाथ में लपेट कर उठा लाया और कमरे में रख दिया. इसके बाद मैंने वो अंगोछा फिर से स्कूल के पीछे की तरफ फेंक दिया। 16 दिसंबर, 2024 को पुलिस ने आरोपी छात्र की निशानदेही पर इस अंगोछे की बरामदगी भी दिखाई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *