कानपुर में 25 लाख के सोना चोरी कांड का खुलासा, रेलबाजार के तत्कालीन SHO समेत 4 पुलिसकर्मी दोषी

Spread the love

चोरी का बरामद 25 लाख का सोना हड़पने की जांच पूरी हो गई है. जांच में रेलबाजार थानेदार रहे दरोगा विजय दर्शन समेत चार पुलिसकर्मी दोषी पाए गए हैं जबकि एक हेड कांस्टेबल जांच में निर्दोष पाया गया है. एडीसीपी ईस्ट राजेश श्रीवास्तव ने मामले की जांच की थी.

इसके साथ ही दागी दरोगा विजय दर्शन पर महिला पुलिस कर्मी से छेड़खानी समेत कई मामलों की जांच चल रही है. अब पुलिस कमिश्नर के स्तर पर कार्रवाई को लेकर फैसला होगा. एक के बाद एक मामले सामने आने के बाद भी अब तक विजय दर्शन पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है.

चोरी का बरामद 25 लाख का सोना हड़पा और चोरों को छोड़ने का मामला

बर्रा-6 में रहने वाली शिक्षिका शालिनी दुबे के घर से 10 अक्टूबर को 30 लाख से ज्यादा की चोरी हुई थी. तत्कालीन रेलबाजार एसओ विजय दर्शन ने चोरों को अरेस्ट करके 25 लाख का सोना बरामद किया और हड़प लिया था. इसके बाद चोरों को भी छोड़ दिया था, लेकिन बर्रा पुलिस ने चोरों को अरेस्ट किया तब दरोगा विजय दर्शन के सोना हड़पने का खेल खुल गया था.

इसके बाद पुलिस कमिश्नर ने रेलबाजार एसओ रहे विजय दर्शन शर्मा समेत पांच पुलिस कर्मियों को निलंबित करके जांच के आदेश दिए गए थे. इसके बाद दरोगा विजय दर्शन हाईकोर्ट की शरण में गए तो बहाल हो गए जबकि अन्य पुलिस कर्मी अभी भी निलंबित चल रहे है. काफी समय तक गायब रहने के बाद विजय दर्शन शर्मा ने जांच कमेटी और पुलिस लाइन में आमद कराई और अपने बयान दर्ज कराए थे.

मामले की जांच पूरी हो गई और जांच कमेटी ने पूर्व एसओ विजय दर्शन शर्मा, अंडर ट्रेनिंग दरोगा रविंद्र श्रीवास्तव, एचसीपी आमिल हाफिज और कार चालक आकाश को दोषी माना है. जबकि हेड कांस्टेबल सुभाष तिवारी को क्लीन चिट दे दी है. चारों दोषी पुलिस कर्मी सर्राफ की दुकान पर गए थे जहां से सोना गलाकर चोर को छोड़ा गया. जबकि सुभाष तिवारी इनके साथ नहीं गया था.

कांस्टेबल को छेड़ने की भी चार महीने से चल रही जांच

रेलबाजार एसओ रहे विजय दर्शन पर थाने में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने छेड़खानी का भी आरोप लगाते हुए पुलिस कमिश्नर से शिकायत की है. महिला कांस्टेबल को शिकायत किए हुए 4 महीने बीत गए इसके बाद भी आरोपी पुलिस कर्मी के अब तक बयान नहीं दर्ज हो सके हैं.

जांच पूरी करने की तो बात ही छोड़ दीजिए. मामला सार्वजनिक होने के बाद पुलिस अफसरों ने अब विजय दर्शन को मामले में बयान दर्ज कराने के लिए 28 दिसंबर की तारीख दी है. इस दिन जांच कमेटी के सामने मामले से जुड़े हर व्यक्ति के बयान होगे.

इन मामलों की भी चल रही जांच

-सोना चोरी कांड में फंसे विजय दर्शन मामले का खुलासा होने के बाद सस्पेंड किया गया तो पुलिस लाइन में आमद कराने की बजाए गिरफ्तारी के डर से लापता हो गया था. इस मामले में पुलिस लाइन में उसके खिलाफ रपट लिखकर विभागीय जांच शुरू की गई थी. हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद हाजिर हुआ था.

-विजय दर्शन का सोना चोरी कांड सामने आने के बाद खुद को बेगुनाह साबित करने के लिए थाने की जीडी और विवेचना के पन्नों को उसने सोशल मीडिया पर वायरल किया था. इस मामले में भी दरोगा विजय दर्शन के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *