महाकुम्भ का पहला अमृत (शाही) स्नान मंगलवार को मकर संक्रांति पर शुरू हो गया है. अखाड़ों के साथ श्रद्धालुओं का रेला थम नहीं रहा है. सुबह से अब तक संगम में स्नान करने वालों की संख्या 1.60 करोड़ हो गई. सोमवार शाम तक प्रशासन की ओर से बनाए गए सभी रैन बसेरे भर गए थे. लोगों ने इधर उधर जहां शेड मिला वहीं ठौर की तलाश की. मकर संक्रांति के अवसर पर सभी 13 अखाड़े अपने नागा संन्यासियों के साथ संगम तट पर स्नान कर रहे हैं. जूना अखाड़े के लगभग 200 महामंडलेश्वर ट्रैक्टर पर सवार होकर संगम पहुंचे.
लोगों के आने का सिलसिला जारी
प्रयागराज महाकुंभ में पहले अमृत स्नान पर दिन 12 बजे तक संगम में स्नान करनेवालों की संख्या 1.60 करोड़ पहुंची। भीड़ अभी थम नहीं रही है. लोगों के आने का सिलसिला जारी है.
सोशल मीडिया पर नंबर वन ट्रेंड बना एकता का महाकुम्भ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीर्थराज प्रयागराज में आयोजित हो रहे महाकुम्भ को एकता का महाकुम्भ करार दिया है. पीएम मोदी और सीएम योगी के इस कथन को सोशल मीडिया में भी खूब सराहा जा रहा है. सोमवार को महाकुम्भ के पहले दिन पौष पूर्णिमा स्नान पर्व पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एकता का महाकुम्भ हैशटैग टॉप ट्रेंड में शुमार हो गया। सोमवार की सुबह से ही लोगों ने एक्स पर #एकता_का_महाकुम्भ को लेकर विचार प्रकट करने शुरू कर दिए और देखते ही देखते पहले यह हैशटैग टॉप ट्रेंड्स में शुमार हुआ और दोपहर को नंबर वन पर ट्रेंड करने लगा.
हार्ट अटैक से संत की मौत
महाकुम्भ के पहले स्नान पर्व पर भीषण ठंड श्रद्धालुओं पर भारी पड़ी। सोमवार को कई सेक्टरों में 3000 से अधिक मरीज इलाज के लिए मेला क्षेत्र के केंद्रीय अस्पताल व अन्य अस्पताल में पहुंचे। मरीजों में 85 वर्षीय अर्जुन गिरि को हार्ट अटैक होने पर एसआरएन अस्पताल लाया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई.















Leave a Reply