फिरोजाबाद के टूंडला में खेत पर वृद्ध महिला के शव का अंतिम संस्कार करने गए ग्रामीणों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला बोल दिया. इससे ग्रामीणों में भगदड़ मच गई. जान बचाने के लिए शव छोड़कर भाग खड़े हुए. हमले में 30 से अधिक लोग घायल हो गए. घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना पर पहुंची पुलिस वृद्धा के शव को वहां से हटवाकर अन्य स्थान पर अंतिम संस्कार कराया.
मामला थाना टूंडला क्षेत्र के गांव नगला हरिश्चंद्र का है. गांव निवासी मुकेश की 70 वर्षीय मां कौशल्या देवी का आकस्मिक निधन रविवार देर रात्रि हो गया था. सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे परिजन ग्रामीणों के साथ शव लेकर अपने खेत पर गए थे. खेत के कोने में पीपल के पेड़ के नीचे अंतिम संस्कार करने के लिए गड्डा खोदकर तैयारियां की जा रहीं थीं. इसी बीच पीपल के पेड़ छत्ते से मधुमक्खियों के झुंड ने नीचे खड़े लोगों पर हमला बोल दिया.
ग्रामीणों में मची भगदड़: अचानक हुए हमले से ग्रामीणों में भगदड़ मच गई. वे लोग वृद्धा के शव छोड़कर भाग खड़े हुए. अंतिम संस्कार को गए लोगों की चीख पुकार सुन ग्रामीण सकते में आ गए. मधुमक्खियों का हमला ऐसा था कि किसी कि होंठ, गाल, नाक, आंख न सिर्फ सूज गए बल्कि दर्द से उनकी चीखें निकल रहीं थीं.
30 से अधिक लोग घायल: मधुमक्खियों के हमले में रघुनाथ फौजी, रामखिलाड़ी, सुनील, सौरभ, रामदास, नाहर सिंह, मुकेश, अवनीश, राजपाल, मुकेश, पवन सहित 30 से अधिक लोग घायल हो गए. ग्रामीणों ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है. घटना कि जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई.
पांच घंटे बाद हो सका अंतिम संस्कार : मधुमक्खियों के हमले से ग्रामीणों में भय इस कदर है कि वह शव के पास पहुंचने की हिम्मत तक नहीं जुटा पा रहे थे. परिवार के लोग कंबल ओढ़कर सड़क पर खड़े रहे। पांच घंटे बाद शव का अंतिम संस्कार किया जा सका.















Leave a Reply