बंगाल में फिर भड़की हिंसा: दक्षिण 24 परगना में पुलिस से भिड़े ISF कार्यकर्ता, कई गाड़ियों में तोड़फोड़-आगजनी

Spread the love

पश्चिम बंगाल के भांगर इलाके में हिंसा हुई है. स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण बन गई जब ISF (इंडियन सेक्युलर फ्रंट) के समर्थकों को कोलकाता की ओर मार्च करने से रोक दिया गया. पुलिस द्वारा रास्ता रोके जाने पर प्रदर्शनकारी उग्र हो गए, जिसके बाद पुलिस और समर्थकों के बीच झड़प हो गई. हालात काबू में लाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा. वीडियो में पुलिस की एक गाड़ी क्षतिग्रस्त नजर आ रही है और कई दोपहिया वाहन जलते हुए दिखाई दे रहे हैं.

वक्फ कानून के खिलाफ बंगाल में हिंसा

जानकारी के मुताबिक, वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ कोलकाता में प्रदर्शन के लिए आ रहे इंडियन सेक्युलर फ्रंट (ISF) के समर्थकों से भरी बसों को रास्ते में ही रोक दिया गया था. वक्फ कानून के खिलाफ पश्चिम बंगाल के मालदा, मुर्शिदाबाद सहित कई जिलों में व्यापक हिंसा देखी गई है, और इसको लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा एक-दूसरे पर हिंसा भड़काने के आरोप लगा रहे हैं.

कोलकाता की ओर बढ़ रहे थे प्रदर्शनकारी

ISF राज्य विधानसभा में तृणमूल और भाजपा के अलावा एकमात्र प्रतिनिधित्व रखने वाली पार्टी है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने जब भांगर से आ रहे उनके वाहनों को कोलकाता के रामलीला मैदान की ओर बढ़ने से रोक दिया तब ISF कार्यकर्ताओं ने बसंती एक्सप्रेसवे को जाम कर दिया.

मुर्शिदाबाद हिंसा को लेकर टीएमसी का आरोप

मुर्शिदाबाद में हो रही हिंसा को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि बीएसएफ (BSF) के कुछ जवान ऐसे लोगों को बंगाल में प्रवेश की अनुमति दे रहे हैं, जो हिंसा फैलाकर वापस लौट जा रहे हैं. यही बात बीजेपी नेता दिलीप घोष भी कह चुके हैं. टीएमसी ने सवाल उठाया है कि अगर दिलीप घोष को बीएसएफ की इस भूमिका की जानकारी है, तो गृह मंत्रालय (MHA) और प्रधानमंत्री इससे कैसे अनजान हो सकते हैं?

‘चप्पल पहनकर मार्च कर रही बीएसएफ’

TMC ने यह भी दावा किया है कि स्थानीय खुफिया रिपोर्ट के अनुसार कुछ BSF जवान चप्पल पहनकर मार्च कर रहे हैं और राजनीतिक नारेबाजी कर रहे हैं. पार्टी ने सवाल उठाया कि क्या BSF चप्पल पहनकर मार्च करती है? यदि वे BSF के जवान हैं, तो यह बहुत गंभीर मामला है, और अगर नहीं हैं, तो यह एक बड़ी साजिश हो सकती है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को इस पूरे मामले को गंभीरता से लेना चाहिए, क्योंकि सरकार बनाने के लिए देश की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं किया जा सकता.

पलायन पर क्या बोले TMC के मंत्री?

मुर्शिदाबाद में हिंसा के बाद कुछ परिवारों के पलायन पर प्रतिक्रिया देते हुए पश्चिम बंगाल के मंत्री फिरहाद हकीम ने कहा, ‘वे तो बंगाल से ही बंगाल में जा रहे हैं… सब कुछ ठीक है… जो हुआ, वह हुआ… हालांकि यह निंदनीय है और पुलिस इसकी जांच कर रही है कि इसके पीछे कौन है.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *