पाकिस्तान ने फिर मुंह की खाई, जम्मू एयरपोर्ट पर हमले की कोशिश नाकाम, भारत के S-400 ने मार गिराईं 8 मिसाइलें

Spread the love

पाकिस्तान ने एक बार फिर मुंह की खाई है. पाकिस्तान ने जम्मू स्थित एयरस्ट्रिप पर रॉकेट दागा, लेकिन भारत ने इस हमले को नाकाम कर दिया है. भारत की S-400 ने 8 पाकिस्तानी मिसाइलों को मार गिराया है. बता दें कि पाकिस्तान ने सांबा में भारी गोलाबारी की है. इसे देखते हुए जम्मू के आरएसपुरा इलाके में ब्लैकआउट किया गया है, यहां सायरन बज रहे हैं. जम्मू शहर में मोबाइल नेटवर्क काम नहीं कर रहे हैं. सतवारी कैंप पर हमले की खबर है. उधर, कुपवाड़ा में भी भारी गोलाबारी हुई है. इसके साथ ही पंजाब के गुरदासपुर में भी ब्लैकआउट किया गया है.

जानकारी के मुताबिक पठानकोट एयरवेज में भी सायरन बज रहे हैं. पठानकोट के हलका सुजानपुर में ड्रोन दिखा था, इसके बाद आर्मी ने ड्रोन पर फायरिंग की

हमले के बाद जम्मू एयरपोर्ट से भारत के फाइटर विमानों ने उड़ान भरी है. जम्मू यूनिवर्सिटी के पास दो ड्रोन गिराए गए हैं. आरएसपुरा, अरनिया, सांबा में भी पाकिस्तानी मिसाइलों को एंटी ड्रोन सिस्टम ने मार गिराया है. इसके अलावा, पठानकोट एयरबेस में भी हुए ड्रोन हमले को भारत ने विफल कर दिया है. यहां पर भी ब्लैकआउट कर दिया गया है.

धमाकों की आवाज सुनते ही दुकानदार व लोग अपने घरों की ओर भागते नजर आए. रॉयटर्स के अनुसार, कुछ लोगों ने विस्फोटों से पहले आसमान में लाल रंग की लाइट और प्रोजेक्टाइल भी देखे. एक एक्स यूजर ने जम्मू में ब्लैकआउट की तस्वीरें और वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “जम्मू में हमारे घरों के ऊपर मिसाइलें उड़ रही हैं. यह कोई अफवाह नहीं है, मैं खुद इसे देख रहा हूं और रिकॉर्ड कर रहा हूं.”

इससे पहले भारत ने उत्तरी और पश्चिमी क्षेत्रों में 15 स्थानों पर ड्रोन और मिसाइलों से सैन्य स्थलों पर हमला करने के पाकिस्तान के प्रयासों को विफल कर दिया था और लाहौर में एक पाकिस्तानी वायु रक्षा प्रणाली को तबाह कर दिया. पाकिस्तान द्वारा किए गए प्रयास बुधवार को भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) और पाकिस्तान में नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले करने के बाद किए गए। रक्षा मंत्रालय ने दोहराया कि भारत में सैन्य स्थलों पर किसी भी हमले के लिए ‘उचित प्रतिक्रिया’ मिलेगी. विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि तनाव कम करने का विकल्प पाकिस्तान के पास है क्योंकि उसने पहलगाम आतंकी हमले से स्थिति को बढ़ाया और भारत ने केवल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से इसका जवाब दिया.

बता दें कि 7-8 मई की रात को पाकिस्तान ने लुधियाना, चंडीगढ़ और अमृतसर समेत भारत के 15 शहरों पर ड्रोन और मिसाइल के जरिए हमले की कोशिश की थी. लेकिन भारत ने इस प्रयास को निष्प्रभावी कर दिया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *