पाकिस्तान द्वारा सीमा पार से एक बार फिर भारी गोलाबारी शुरू कर दी गई है. उरी सेक्टर में शुक्रवार शाम को सीज़फायर उल्लंघन की ताजा घटना सामने आई है, जहां पाकिस्तान की ओर से भारी गोलाबारी की जा रही है. इधर प्रधानमंत्री आवास पर तीनों सेनाध्यक्षों की पीएम मोदी के साथ मीटिंग चल रही है. इस मीटिंग में नेवी चीफ, एयरफोर्स चीफ और आर्मी चीफ के साथ ही सीडीएस भी मौजूद हैं.
थोड़ी देर पहले ही MEA की प्रेस ब्रीफिंग हुई थी. इस अहम बैठक में एनएसए अजीत डोभाल भी शामिल हैं. रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी मीटिंग में शामिल होने के लिए थोड़ी देर पहले पीएम आवास पहुंचे हैं.
पाकिस्तान ने बिना किसी उकसावे के ड्रोन और मिसाइल हमला कियाः व्योमिका सिंह
विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कहा कि 7 मई की रात 8:30 बजे पाकिस्तान ने भारत पर बिना किसी उकसावे के ड्रोन और मिसाइल हमला किया, लेकिन इसके बावजूद उसने अपने नागरिक हवाई क्षेत्र को बंद नहीं किया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जानबूझकर नागरिक विमानों को ढाल के रूप में इस्तेमाल कर रहा है, यह जानते हुए कि उसके हमले के जवाब में भारत की ओर से तत्काल एयर डिफेंस प्रतिक्रिया दी जा सकती है. व्योमिका सिंह ने एक फ्लाइट रडार 24 एप्लिकेशन के डेटा के स्क्रीनशॉट की तस्वीर भी दिखाई, जिसमें ये स्पष्ट दिखाई दे रहा था कि भारत की ओर से हवाई क्षेत्र को तत्काल बंद कर दिया गया था, जिससे भारतीय हवाई सीमा पूरी तरह खाली थी. दूसरी ओर कराची से लाहौर के बीच पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में नागरिक विमान उड़ रहे थे, जब पाकिस्तान ने हमला किया.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी की बैठक
मालूम हो कि भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से बौखलाकर पाकिस्तान की सेना ने गुरुवार रात भारत के उत्तरी और पश्चिमी क्षेत्रों में कई सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइल हमलों की कोशिश की. लेकिन भारत ने S-400 एयर डिफेंस सिस्टम के जरिए इन हमलों को नाकाम कर दिया.
पाकिस्तान की तरफ से हमले तब किए गए, जब भारत ने पाकिस्तान और उसके कब्जे वाली कश्मीर में 9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइलें दागीं और टेरर ठिकानों को तबाह कर दिया था. वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज साउथ ब्लॉक में सीडीएस और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ स्थिति की समीक्षा की.













Leave a Reply