दिल्ली-NCR में जमकर बारिश और तूफान, 79 KM की स्पीड से चल रहीं हवाएं; कई इलाकों में पड़े ओले

Spread the love

दिल्ली और एनसीआर में बुधवार रात मौसम ने अचानक करवट ले ली है. भयंकर बारिश और तूफान से जनजीवन प्रभावित हो गया. कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, वहीं ट्रैफिक भी बाधित हो गया. दिल्ली के सफदरजंग में 79 KM प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. गाजियाबाद में तेज आंधी के बाद बारिश का दौर शुरू शुरू हो गया. जबकि कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई है.

उधर, पूर्वी दिल्ली के यमुना विहार, भजनपुरा और गोकलपुरी जैसे इलाकों में तेज धूलभरी आंधी चली. अचानक उठे धूल के गुबार से विजिबिलिटी कम हो गई. नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी तेज आंधी चली, कई जगहों से पेड़ गिरने की खबरें हैं, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ और बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई.  

इससे गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है. दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में मंगलवार से ही भीषण गर्मी पड़ रही थी. गर्मी और उमस ने बुधवार दिन को दिल्ली वालों का दम निकालकर रख दिया. दिन भर लोग पसीना पोंछते रहे. जबकि, कड़ी धूप के चलते घर से बाहर निकलना भी मुश्किल बना रहा.

दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में बुधवार की सुबह से ही तेज धूप निकली रही. सूरज चढ़ने के साथ ही धूप भी कड़ी हो गई. नमी और कड़ी धूप के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा. दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है. यहां पर नमी का स्तर 68 से 42 फीसदी तक रहा। नमी के चलते लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा.

दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है. इस सीजन में यह पहला मौका है जब न्यूनतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर गया है. मौसम विज्ञानियों की मानें तो दिल्ली के लोगों को दिन के साथ-साथ अब रात की गर्मी भी परेशान कर रही है. मंगलवार की रात अभी तक इस सीजन की सबसे गर्म रात रही,

गुरुवार को अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री जबकि, न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। इस दौरान हल्के बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है। शुक्रवार को हल्के बादल और तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। शनिवार को भी दिल्ली के अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। जिसके चलते तापमान में गिरावट होगी और दिल्ली के लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *