3 दिन तक गुस्से में उबलता रहा बाप, सुसाइड करने की भी सोची; फिर राधिका को मार दी गोली

Spread the love

टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या के मामले में नई जानकारी सामने आ रही है। पता चला है कि बेटी को गोली मारने से पहले दीपक यादव तीन दिन तक गुस्से में उबलता रहा। इस दौरान उसने सुसाइड करने की भी सोची। लेकिन, अंत में उसने बेटी को गोली मारकर मौत की नींद सुला दिया।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या के मामले में पुलिस द्वारा दी गई जानकारी से पता चला है कि उसके पिता दीपक यादव को कई लोगों ने ‘गिरा हुआ बाप’ कहकर ताना मारा था। बताया जा रहा है कि 49 साल का दीपक यादव अपनी पत्नी और बेटी राधिका पर भी शक करता था। वह अपने गुस्सैल स्वभाव के लिए जाना जाता था। अधिकारियों ने शुक्रवार को नाम न छापने की शर्त पर बताया कि दीपक ने अपनी बेटी राधिका का पूरे करियर में साथ दिया। जब कंधे की चोट के कारण राधिका का करियर अचानक रुक गया तो उन्होंने राधिका के टेनिस अकादमी शुरू करने की इच्छा पर हामी भर दी। दीपक ने इसके लिए 2 करोड़ रुपए भी खर्च किए। उन्होंने बताया कि जब राधिका ने एक संगीत वीडियो का हिस्सा बनने की इच्छा जताई तो दीपक उसे सेट पर ले गए। वहां अपनी बेटी के साथ 11 घंटे भी बिताए।

लेकिन, दीपक का एक दूसरा पहलू भी था। अधिकारियों ने बताया कि वह छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा हो जाता था। अपनी पत्नी और बेटी, दोनों पर शक करता था। एक बार तो उसने अपनी पत्नी को सिर्फ अपने भाई से बात करने पर डांट भी दिया था। दीपक हाल ही में अपने पैतृक गांव गया था। वहां कुछ गांववालों ने उसे अपनी बेटी के हर काम का समर्थन करने के लिए ताना मारा और उसे गिरा हुआ बाप तक कह दिया। अधिकारियों ने बताया कि इससे दीपक नाराज हो गया और घर लौटकर राधिका से भिड़ गया।

पिता ने राधिका से अकादमी बंद करने को कहा, लेकिन उसने यह कहते हुए मना कर दिया कि ऐसा करने का कोई मतलब नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद दीपक तीन दिनों तक शर्म और गुस्से के बीच उलझा रहा। उन्होंने बताया कि वह आत्महत्या करने और राधिका को मार डालने के बारे में सोचता रहा। गुरुवार को उसने दूसरा विकल्प चुना। जब राधिका रसोई में खाना बना रही थी तभी दीपक अंदर आया और उस पर पांच गोलियां चला दीं। चार गोलियां उसे लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *