मोहम्मद आसिफ,महोबा।
महोबा में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर जनपद के सभी सरकारी, वित्तीय सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को, जिनमें विद्यालय न जाने वाले बच्चे भी शामिल रहे, कृमि नाशक एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई. इस अभियान की शुरुआत नगर क्षेत्र महोबा स्थित मल्टीस्टोरी कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय, पुलिस लाइन में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आशाराम और खंड शिक्षा अधिकारी प्रवेश बाजपेई ने फीता काटकर की. तत्पश्चात मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ.
इस अवसर पर डीईआईसी मैनेजर डॉ. अंबुज गुप्ता ने मुख्य चिकित्साधिकारी का और एआरपी मनीष द्विवेदी ने खंड शिक्षा अधिकारी का माल्यार्पण कर स्वागत किया. अपने उद्बोधन में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आशाराम ने बच्चों को कृमियों से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से अवगत कराया और एल्बेंडाजोल गोली के महत्व पर प्रकाश डाला. खंड शिक्षा अधिकारी प्रवेश बाजपेई ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता अपनाने पर जोर दिया ताकि कृमियों से बचाव हो सके.
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वी. के. चौहान, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस. के. वर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. आर. पी. निरंजन, आरबीएसके नोडल डॉ. हरिप्रकाश प्रजापति, विद्यालय के प्रधानाध्यापक मु. इरफान समेत अन्य अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे. अधिकारियों ने बच्चों को कृमि नाशक गोली खिलाई और फल वितरित किए.
सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ, जिसमें प्रतिभाग करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया.कार्यक्रम संचालन जनपद स्तरीय नोडल डॉ. हरिप्रकाश प्रजापति ने किया और सभी का आभार व्यक्त किया. इस मौके पर नगरीय स्वास्थ्य इकाई समन्वयक मनोज लाल, अनुपम, किशोर स्वास्थ्य काउंसलर राहुल, साथिया केंद्र परामर्शदाता रजनी, एआरपी हरस्वरूप अहिरवार, रमाशंकर वर्मा, रत्ना शर्मा तथा विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा.
जनपद में आयोजित इस अभियान के दौरान बच्चों में किसी भी प्रतिकूल लक्षण के प्रबंधन हेतु विकासखंडवार गठित सीएचसी, पीएचसी एवं आरबीएसके की मेडिकल टीमें सक्रिय रहीं. जो बच्चे आज गोली खाने से वंचित रह गए, उन्हें 14 अगस्त 2025 को मॉप-अप दिवस पर एल्बेंडाजोल गोली खिलाई जाएगी.
















Leave a Reply