महाराष्ट्र के कोल्हापुर में मंगलवार रात दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसके बाद से इलाके में भारी तनाव का माहौल है. शुक्रवार (22 अगस्त) रात 11 बजे दो गुटों के बीच अचानक पथराव शुरू हो गया, जिसमें चार पुलिसकर्मियों समेत 10 लोग घायल हो गए. यह घटना कोल्हापुर के सिद्धार्थ नगर के सर्किट बेंच से कुछ ही दूरी पर हुई. उत्तेजित भीड़ ने एक टेंपो और एक कार में आग लगा दी और कई वाहनों में तोड़फोड़ की. हालांकि, मामला बढ़ता देख पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई और हालात को कंट्रोल में लिया, जिसके बाद फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.
अचानक ऐसा क्या हुआ, दो समुदाय हुए हिंसक?
राजेबागस्वार फुटबॉल क्लब की वर्षगांठ के अवसर पर सिद्धार्थनगर कमान के पास सड़क पर एक मंच बनाया गया था. किसी गलतफहमी की वजह से इस स्टेज को हटाए जाने को लेकर तनाव पैदा हो गया. इसके बाद दोनों गुटों में कहासुनी बढ़ी और देखते ही देखते माहौल बिगड़ गया. माहौल बिगड़ने के बाद अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा.
अभी कैसे हैं कोल्हापुर में हालात?
दो समुदाय के लोगों के बीच झड़प के बाद देर रात माहौल तनावपूर्ण बना रहा. हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया और लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान ना देने की अपील की. पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एक कार्यक्रम के दौरान दोनों समुदाय के बीच तनाव पैदा हुआ. दोनों समुदाय के लोगों से अपील है कि किसी भी फेक और वायरल मैसेज पर ध्यान न दें.
कोल्हापुर एसपी योगेश कुमार गुप्ता ने बताया, ‘सीपीआर अस्पताल के पास दो समाज में गैरसमज होने से तनाव की स्थिति बन गई थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की. मौके पर अब शांति है. दोनों समाज के वरिष्ठ नेताओं ने भी शांति बनाए रखने का आह्वान किया है. जनता से आग्रह है कि अफवाहों पर ध्यान न दें.’
कोल्हापुर में हिंसा के बाद हालात पर काबू पाने के लिए भारी मात्रा में पुलिसबल की तैनाती की गई है. हालांकि, अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. फिर से इस तरह की कोई हालात ना बने, इसके लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है.













Leave a Reply