कानपुर में फिर ट्रेन पलटाने की साजिश, बर्राजपुर-चौबेपुर स्टेशन के बीच रखी लकड़ी की बेंच

Spread the love

UP में रेल की पटरियों पर आखिर कौन है जो तबाही मचाना चाहता है. फर्रुखाबाद से कानपुर अनवरगंज स्टेशन आ रही फर्रुखाबाद पैसेंजर को सोमवार देर रात पलटाने की साजिश की गई. बर्राजपुर और चौबेपुर रेलवे स्टेशन के बीच में ट्रेन ट्रैक पर रखी लकड़ी की बेंच से टकरा गई. लोको पायलट ने ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोका और इसकी सूचना कंट्रोल और चौबेपुर स्टेशन के सहायक स्टेशन मास्टर को दी.

आरपीएफ और सिविल पुलिस ने मौके पर छानबीन की. चौबेपुर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लापरवाही से किसी की जान को खतरे में डालने और जानबूझकर ट्रेन को नुकसान पहुंचाने के लिए रेलवे एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है. मंगलवार सुबह घटनास्थल पर इज्जतनगर मंडल बरेली से आए आरपीएफ सहायक सुरक्षा आयुक्त और एसीपी कल्याणपुर समेत अफसरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की. इससे पहले भी इस रूट पर कालिंदी एक्सप्रेस को पलटाने की साजिश हो चुकी है.

फर्रुखाबाद-अनवरगंज पैसेंजर (54158) सोमवार रात को अनवरगंज स्टेशन जा रही थी. रात 11:50 बजे ट्रेन देदूपुर अंडरपास के पास ट्रैक पर रखी साढ़े तीन फीट लंबी लकड़ी की बेंच से टकरा गई. इंजन से कुछ टकराने की आवाज सुनकर लोको पायलट ने ट्रेन को रोका लेकिन अंधेरे में कुछ नहीं दिखाई दिया. इसकी सूचना चौबेपुर स्टेशन के सहायक स्टेशन मास्टर श्याम बाबू को देकर ट्रेन को छह मिनट की देरी से रवाना हो गया. नाइट पेट्रोलिंग कर रहे स्टाफ कमलेश कुमार को मौके पर भेजा गया। पेट्रोलिंग मैन ने एएसएम को ट्रैक किनारे टूटी हुई बेंच पड़ी होने की जानकारी दी.

मंधना सेक्शन के रेलपथ विभाग के जूनियर इंजीनियर पंकज गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है. जेई ने जानबूझकर कर रेल यात्रियों की जान को खतरे में डालने, ट्रेन और रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की साजिश जताई है. इस पर बीएनएस और रेलवे एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. कन्नौज के आरपीएफ इंस्पेक्टर सुजीत कुमार झा ने बताया कि रेलवे संचालन अवरुद्ध करने और यात्रियों की जानमाल को नुकसान पहुंचाने की साजिश के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है.

कालिंदी को भी पलटाने हो चुकी है साजिश: सितंबर 2024 में भी कालिंदी एक्सप्रेस को पलटाने का षड्यंत्र रचा गया था. बिल्हौर स्टेशन के पर रेलवे लाइन पर एलपीजी का सिलेंडर रखा मिला था। पास में ही पेट्रोल बम और बारूद मिला था. रेलवे ने इसे षड्यंत्र माना था, हालांकि पुलिस इसमें अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *