‘टोटी कांड’ पर अखिलेश यादव के जख्म अब भी हरे, बोले इसे अवनीश अवस्थी ने कराया

Spread the love

UP में 2017 में योगी की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री आवास से टोटी गायब होने का मामला सुर्खियां बना और भाजपा ने टोटी चोरी का आरोप लगाते हुए इसे बहुत बड़ा मुद्दा बनाया था. एक बार फिर इस मुद्दे को भाजपा विधायक केतकी सिंह ने उभारा तो अखिलेश यादव भी भाजपा पर बरस पड़े हैं. अखिलेश यादव ने कहा कि आईएएस अवनीश अवस्थी ने पूरा कांड कराया था. एक प्रतिष्ठित अखबार के स्टिंग ऑपरेशन में इसका खुलासा हो चुका है. हम पर आरोप लगे कि हम टोटी लेकर गए हैं। हमारे घर को गंगा जल से धुलवाओगे. चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यह बात आप भूल सकते हो हम नहीं भूल सकते हैं.

अखिलेश यादव शुक्रवार को लखनऊ के सपा मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे. इसी दौरान केतकी सिंह के बयान और उसके बाद सपा छात्र सभा का उनके घर पर प्रदर्शन के मामले में सवाल के जवाब में अखिलेश ने कहा कि आईएएस अवनीश अवस्थी और एक दूसरे ओएसडी आईएएस कौशिक, जो भाग गया. इन लोगों ने पूरी साजिश की. यह बात हम भूलने वाले नहीं हैं. यह बात सरकार भी जान ले और सरकार चलाने वाले भी जान लें. सरकार बदलेगी तो इसका जवाब दिया जाएगा. अखिलेश ने कहा कि आज भी उनकी विधायक मेरे बारे में यह बात क्यों कह रही हैं. सब लोग समझ रहा हैं.

ABVP को अखिल भारतीय वीडियो पिटाई बताया अखिलेश यादव ने भाजपा के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) पर तंज कसा और इसे अखिल भारतीय वीडियो पिटाई कहा. बाराबंकी में श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय के एक विधि पाठ्यक्रम की संबद्धता न होने के विरोध में एबीवीपी ने प्रदर्शन किया था. इस दौरान एबीवीपी के कार्यकर्ताओं की पिछले दिनों पुलिस ने खूब पिटाई की थी. इस पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

पिटाई के बाद कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने एबीवीपी के कार्यकर्ताओं को गुंडा कह दिया था. इससे आक्रोशित एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने राजभर के घर पर हल्ला बोल दिया था. इसी हल्ला बोल को लेकर मीडिया के सवाल पर अखिलेश यादव ने तंज कसा था. अखिलेश ने आगे कहा कि यह (विरोध प्रदर्शन) अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होना चाहिए, क्योंकि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है. छात्र और संगठन के लोग दुखी होंगे क्योंकि अखिल भारतीय वीडियो पिटाई जारी है. अखिल भारतीय वीडियो पिटाई उन्हें दुखी कर रही है.

अखिलेश ने कहा कि मैंने कहा था कि यह परिषद और वाहिनी के बीच की लड़ाई है. सीएम योगी आदित्यनाथ का नाम लिए बिना उन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो कुर्सी पर बैठा है, वह भाजपा का सदस्य नहीं है. पता नहीं, कितने लोगों का भविष्य उस कुर्सी पर बैठने के लिए बर्बाद हो गया है. इसलिए स्वाभाविक है कि छात्र अखिल भारतीय वीडियो पिटाई देखकर दुखी हों.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *