बाराबंकी: जिले की श्रीरामस्वरूप यूनिवर्सिटी में एबीवीपी के छात्रों पर लाठीचार्ज मामले में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है. शनिवार को करीब साढ़े तीन बजे यूनिवर्सिटी परिसर में बुलडोजर दाखिल हुई और नव निर्मित ‘एनिमल हाउस’ को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में इस कार्रवाई से यूनिवर्सिटी परिसर में हंगामा मच गया.
सुरक्षाबलों की मौजूदगी में बुलडोजर एक्शन: यूनिवर्सिटी में बुलडोजर एक्शन के दौरान नवाबगंज SDM, राजस्व विभाग की टीम, कोतवाली पुलिस नायब तहसीलदार और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा ताकि किसी भी प्रकार के विरोध से निपटा जा सके. राजस्व कर्मचारियों ने दस्तावेजों के आधार पर कार्रवाई की पुष्टि की और फिर एनिमल हाउस को खाली कराकर उस पर बुलडोजर कार्रवाई को अंजाम दिया गया.
2013 से ही यूनिवर्सिटी पर अवैध कब्जे के आरोप: गौरतलब है कि श्रीराम स्वरूप यूनिवर्सिटी 2013 से ही विवादों में है. यूनिवर्सिटी पर तालाब और सरकारी जमीन पर कब्जा करने का आरोप था. ग्राम प्रधान की शिकायत पर राजस्व विभाग ने जांच कर अपनी रिपोर्ट तैयार की. जांच में कब्जे की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद तहसीलदार कोर्ट ने यूनिवर्सिटी पर जुर्माना लगाते हुए कब्जा हटाने का आदेश दिया था.
छात्रों और ABVP कार्यकर्ताओं पर हुआ था लाठीचार्ज: बीते सोमवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ यूनिवर्सिटी छात्रों ने एलएलबी कोर्स की मान्यता को लेकर परिसर में जमकर हंगामा और नारेबाजी की थी. इस प्रदर्शन के दौरान कई छात्र पुलिस के लाठीचार्ज में घायल हो गए थे. इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा अतिक्रमण का मुद्दा उठाया था. छात्रों की हंगामा और पिछली शिकायतों को लेकर कार्रवाई की बढ़ती मांग के चलते शनिवार को प्रशासन ने यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर एक्शन को अंजाम दिया.















Leave a Reply