आगरा-मथुरा हाईवे पर शनिवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े कंटेनर में जोरदार टक्कर मार दी जिससे ट्रक की केबिन में बैठी महिला, एक पुरुष, चालक और किशोर की मौके पर ही मौत हो गई.
बताया गया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक की केबिन के परखच्चे उड़ गए और उसका अगला हिस्सा टूटकर हाईवे पर जा गिरा. ट्रक में बल्लियां भरी थीं, जो टक्कर के दौरान केबिन में बैठे किशोर के सिर में घुस गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
मृतकों की पहचान ट्रक चालक विजेंद्र सिंह पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी शैलाई फिरोजाबाद, रीमा ठाकुर पत्नी श्यामबाबू ठाकुर निवासी गोपालपुर शमशाबाद के रूप में हुई है. इसके अलावा एक बच्चा और एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हुई है, जिनकी शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है. वहीं, हादसे में घायल एक अन्य युवक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. युवक की पहचान उपेंद्र निवासी भरतपुर के रूप में हुई है. वह ग्वालियर से परीक्षा देकर गुरुग्राम लौट रहा था.
हादसा शनिवार रात 12 बजे रुनकता फ्लाईओवर पर हुआ पुलिस के मुताबिक, हादसे का कारण ट्रक चालक का शराब के नशे में होना सामने आया है. ट्रक में बांस-बल्लियां भरी हुई थीं और वह तेज रफ्तार से सिकंदरा की ओर से मथुरा जा रहा था. जैसे ही वह रुनकता फ्लाईओवर से उतरा, वह लोहरे की पंक्चर की दुकान के पास खड़े कंटेनर से पीछे से जा टकराया. हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई. पुलिस ने रात करीब 2 बजे कंटेनर व ट्रक को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा कर दिया.
एसीपी हरीपर्वत अक्षय संजय महाडिक ने बताया कि मृतक महिला और पुरुष मथुरा जा रहे थे. किशोर की पहचान अभी नहीं हो सकी है. सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. पुलिस ने बताया कि कैंटर के पीछे से अन्य वाहन एक बाद एक आधा दर्जन वाहन घुसते चले गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से केबिन तोड़कर मृतकों के शवों व घायलों को बाहर निकाला. हादसे के बाद हाईवे पर चीख पुकार के साथ अफरा तफरी मच गई.
















Leave a Reply