गुजरात की जीके कंपनी के दो करोड़ की लूट करने वाला मास्टरमाइंड नरेश उर्फ पंकज को फिरोजाबाद में पुलिस ने रविवार की देर शाम मुठभेड़ में मार गिराया. शुक्रवार को कांड करने के बाद शनिवार को ही उसकी गिरफ्तारी हुई थी. रविवार की दोपहर में ही पैसा बरामद करने का बहाना बनाकर खेतों से होते हुए फरार हो गया था. शाम में पुलिस ने उसकी कहानी खत्म करते हुए एनकाउंटर में मार गिराया.
एसएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि तीन अक्टूबर को मक्खनपुर में जीके कंपनी की कार कानपुर से आगरा के लिए भारी मात्रा में कैश लेकर जा रही थी. रास्ते में मक्खनपुर के पास कार को ओवरटेक कर दो कार सवार बदमाशों ने दो करोड़ का कैश लूटा था. पुलिस ने खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड नरेश उर्फ पंकज निवासी खैर, अलीगढ़ समेत छह बदमाशों को गिरफ्तार कर एक करोड़ से कुछ ज्यादा कैश बरामद किया था. नरेश ने शनिवार की रात पुलिस को अलीगढ़ से 20 लाख और बरामद कराए.
रविवार की दोपहर वो और नकदी बरामद कराने के लिए फिरोजाबाद के मक्खनपुर स्थित सांती और खेड़ा गणेशपुर के बीच में खेतों की ओर ले गया. वहां शौच का बहाना बनाकर बाजरे के खेतों से होते हुए भाग निकला. इससे सकते में आई पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश में जुट गई. नाकेबंदी करा दी गई. देर शाम मक्खनपुर स्थित बीएमआर होटल के पास पुलिस को उसके होने की जानकारी मिली. पुलिस ने घेरा डाल दिया. पुलिस को देखकर वो भागने लगा. ऐसे में पुलिस ने उस पर फायरिंग की तो गोली उसके सीने में लगी. वो वहीं गिर पड़ा। उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया.
ऐसे हुआ था फरार: शनिवार को पूछताछ के बाद मास्टरमाइंड नरेश ने मक्खनपुर पुलिस को शनिवार रात अलीगढ़ से 20 लाख रुपये बरामद कराए. इसके बाद मक्खनपुर पुलिस लौट आई. यहां और पूछताछ के बाद उसने रविवार की दोपहर सांती और खेड़ा गणेशपुर के बीच खेतों से और पैसों से भरा बैग बरामद करने की बात कही. मक्खनपुर पुलिस क्यूआरटी को लेकर उसके साथ बताए गए स्थान पर पहुंची.
नरेश इससे पहले थाने पर दो बार पेट में मरोड़ का बहाना बनाकर शौच के लिए जा चुका था. खेड़ा गणेशपुर पहुंचने पर खेतों के आसपास उसने बैग ढूंढ़ने का बहाना किया. फिर कहा कि अब पेट में मरोड़ हो रही है उसे शौच के लिए जाना है. पुलिस ने कहा कि खेत में ही बैठ जाए. क्यूआरटी उसके ऊपर नजर रखे रही. कुछ देर बाद क्यूआरटी का ध्यान भटका तो नरेश बाजरे के खेत से होते हुए भाग निकला.















Leave a Reply