वाराणसी के सामने घाट पर सेल्फी लेने के दौरान 3 स्टूडेंट्स गंगा में डूब गए. एक छात्र की लाश मिल गई जबकि दो की तलाश की जा रही है. घटना रात 1:30 बजे की है। सेल्फी लेते समय पहले लड़की गंगा में गिर गई. उसे बचाने के लिए दो लड़कों ने भी छलांग लगा दी। तेज बहाव के चलते दोनों छात्र भी नदी में डूब गए तीनों पटना के रहने वाले थे.
रविवार सुबह जल पुलिस, एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची. लापता लड़की और युवक की तलाश की जा रही है. गंगा में बहाव तेज होने से तलाश में दिक्कत आ रही है.
3 लड़की और 3 लड़कों का ग्रुप घूमने आया था
स्थानीय दुकानदार शनि ने बताया- रात 1.30 बजे 3 लड़की और 3 लड़का सामने घाट घूमने पहुंचे थे. घाट से कुछ दूर पर जेटी लगाई गई है. वहां एक लड़की सेल्फी ले रही थी। इसी दौरान वह नदी में गिर गई. उसे बचाने के लिए 2 लड़के नदी में कूद गए. वह भी डूब गए. सभी लड़के-लड़कियां मुगलसराय स्टेशन से उतरकर वाराणसी आए थे. सुबह 5 बजे उनकी जयपुर के लिए ट्रेन थी.

तीनों पटना के रहने वाले
डूबने वालों में वैभव सिंह (21) निवासी चांदमारी मोहल्ला मोतिहारी पटना, विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी जयपुर में LLB फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट है. दूसरा ऋषि सिंह (21) निवासी चांदमारी मोहल्ला मोतिहारी पटना, जो पटना के एमएस कॉलेज में BA थर्ड ईयर का स्टूडेंट है. तीसरी सोना सिंह उर्फ निधि (19) निवासी रक्सौल बकसौरा, मोतिहारी पटना की है, जो पटना में फिजियोथैरेपी का कोर्स कर रही है, सेकेंड ईयर की स्टूडेंट है.
पिता रोते हुए बोले- इकलौता बेटा दुनिया छोड़ गया
वैभव सिंह के पिता सत्य प्रकाश सिंह किसान हैं. उन्होंने रोते हुए कहा- मेरा इकलौता बेटा दुनिया छोड़ गया…करीब एक मिनट वह सिर्फ रोते रहे. फिर लड़खड़ाती आवाज में बोले- अब मेरा सहारा कौन बनेगा. मेरा तो सबकुछ खत्म हो गया, हम क्या बताएं। लड़का घर से बोल कर निकला था कि सुबह जयपुर जाना है, लेकिन उससे पहले यह हादसा हो गया। उसकी एक बहन है.

BHU में एडमिशन की जानकारी करने आई थी सोना
6 लोगों के ग्रुप में गोलू भी आए हैं। गोलू ने सिर्फ इतना बताया- सोना BHU में एडमिशन की जानकारी लेने आई थी. उसकी फ्रेंड भी एडमिशन के सिलसिले में आई थी. उनके साथ हम सभी वाराणसी घूमने का प्लान किए थे. वैभव और ऋषि को आज ही जयपुर जाना था. हादसे की सूचना पर ACP धनंजय मिश्र और थाना प्रभारी शिवकांत मिश्र पहुंचे. जल पुलिस और गोताखोरों ने रेस्क्यू शुरू किया. सुबह वैभव सिंह का शव गंगा से बरामद किया गया। ऋषि और निधि की तलाश की जा रही है, NDRF भी रेस्क्यू में लगी है.
इस साल गंगा में डूबने से 27 लोगों की मौत
गंगा में डूबने से इस साल जनवरी से अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है. जल पुलिस प्रभारी मिथिलेश यादव ने बताया- गंगा का जलस्तर बढ़ने से सभी घाट खतरनाक हो गए हैं. पानी कहां-कितना गहरा है, इसका अंदाजा लगा पाना मुश्किल है. इसलिए जो भी लोग गंगा स्नान करने आएं, वह पूरी तरह से सतर्क रहें. सेल्फी आदि लेने के चक्कर में जान से खिलवाड़ न करें. रविवार सुबह गंगा का जलस्तर 66.64 मीटर रिकॉर्ड किया गया. यहां वार्निंग लेवल 70.26 मीटर है, इस समय गंगा का पानी वार्निंग लेवल से 3.62 मीटर नीचे बह रहा है. गंगा के करीब 40 घाट इस समय डूबे हैं.















Leave a Reply