पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर की बर्रा पुलिस और एसटीएफ टीम ने गुरुवार को 13.2 किलो चरस के साथ एक आरोपित को बर्रा स्थित विश्वबैंक के पास हाईवे के अंडरपास से गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया आरोपित नेपाल से बिहार के रास्ते चरस शहर लाया था। वह पूरे प्रदेश में चरस की तस्करी करता है. पुलिस ने आरोपित से पूछताछ करने के बाद पकड़ी गई चरस को जब्त कर लिया है और आरोपित को जेल भेज दिया है.
DCP साउथ दीपन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि पकड़े गये आरोपत का नाम प्रदीप कुमार कर्ण है और वह नेपाल के सिरहा जिला कजरा चौक थाना क्षेत्र के जानकी नगर वार्ड नंबर एक के खोकसी का रहने वाला है. वह नेपाल से चरस लेकर झकरकटी अड्डे पर उतरा था. उसके बाद ऑटो से बर्रा बाईपास पहुंचा जहां से वह पैदल बर्रा के भोलेश्वर मंदिर के पास जा रहा था, तभी अंडरपास से सूचना के आधार पर एसटीएफ और बर्रा पुलिस की टीम ने उसे दबोच लिया.
वह दो झोले लिए हुए पैदल जा रहा था. इन झोलों में कई छोटे-छोटे पैकेट रखे थे. इन्हें ब्राउन टेप से पैक किया गया था जिसमें 13.2 किलो चरस थी. इसके बाद आरोपित पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह इस माल को लेकर भोलेश्वर मंदिर के पास जा रहा था जहां इसे एक युवक को सौंपना था. इसके अलावा शहर के अन्य इलाकों में भी चरस को देना था लेकिन उससे पहले टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह नेपाल में खेती किसानी करता है और कांठमांडु निवासी बमबम और बिहार के रक्सैल निवासी मुन्ना के गिरोह के लिए गांजा-चरस की सप्लाई करने जाता है. वह नेपाल से बैग में चरस लेकर बस से बिहार के पूर्वी चंपारण, गोरखपुर, लखनऊ होते हुए कानपुर कई बसें बदलकर आया था.
डीसीपी साउथ ने बताया कि चरस की कीमत करीब तीन करोड़ रुपये तक है. आराेपित को जेल भेज दिया गया है. उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटाकर उनकी तलाश की जा रही है.
















Leave a Reply