मथुरा में तेज बारिश, गाजियाबाद में बूंदाबांदी ने बढ़ायी ठंड़: काशी में टूटा रिकॉर्ड, 11 जनवरी से कुछ राहत

Spread the love

UP में अचानक मौसम ने करवट ले ली है. बर्फीली हवाओं के बीच बारिश ने ठंड और बढ़ा दी है। शुक्रवार सुबह-सुबह मथुरा में तेज बारिश हुई. गाजियाबाद में भी बूंदाबांदी ने ठंड बढ़ा दी। इसके अलावा अयोध्या, झांसी, अमेठी, सुल्तानपुर, गाजियाबाद, मेरठ समेत करीब 35 जनपद घने कोहरे की चपेट में है. कई जगह तो दृश्यता शून्य है. सड़क पर कुछ भी देख पाना मुमकिन नहीं हो पा रहा है.

जनवरी में ठंड की बात करें तो काशी में 22 साल का रिकॉर्ड टूट गया. यहां अधिकतम तापमान 11.4°C रिकॉर्ड किया गया. इससे पहले 17 जनवरी 2003 में अधिकतम तापमान 11.6°C दर्ज किया गया था. इस बीच लखनऊ समेत 33 जिलों में कोल्ड डे जैसे हालात हैं. कोल्ड-डे में दिन का अधिकतम तापमान 16°C या उससे कम और सामान्य से 4-6°C कम पहुंच जाता है.

पिछले 24 घंटे में सोनभद्र सबसे ठंडा रहा. पारा 4°C रिकॉर्ड किया गया. गोरखपुर-काशी में पारा 4.8°C, बरेली-सुल्तानपुर में 5°C रहा। लखनऊ-कौशांबी-मेरठ में 8वीं तक के स्कूल 10 जनवरी तक बंद हैं. बाकी कक्षाएं सुबह 10 से चलेंगी. इसके अलावा शाहजहांपुर में 12वीं तक स्कूल 14 जनवरी, मथुरा, प्रयागराज, बरेली-अंबेडकरनगर, कन्नौज, चंदौली में 10 जनवरी तक बंद हैं.

कोहरे की वजह से सड़क, रेल और हवाई सफर बुरी तरह प्रभावित हुआ. गोरखपुर, झांसी समेत तमाम रेलवे स्टेशन पर 70 ट्रेनें लेट हैं. बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल (02563) ट्रेन 27 घंटे लेट रही. वाराणसी एयरपोर्ट पर ब्लैक आउट जैसा मंजर रहा. वाराणसी पहुंचा इंडिगो का विमान करीब 70 मिनट तक आसमान में चक्कर लगाता रहा. 10 और फ्लाइट्स को लैंडिंग की परमिशन नहीं मिली। 12 उड़ानें कैंसिल करनी पड़ी.

मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि बर्फबारी वाले पहाड़ी इलाकों से यूपी में ठंडी पछुआ हवा आ रही है. जनवरी के पहले हफ्ते प्रदेश भर में कड़ाके की ठंड पड़ी. धूप बेअसर रही जिससे कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रही. फिलहाल उत्तरी पंजाब में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में धीरे-धीरे बदलेगा. तीन दिन मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा. 11 जनवरी से कोहरे में कमी आ सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *