धर्मनगरी वृंदावन के छटीकरा मार्ग स्थित श्री कृष्ण शरणम् आवासीय सोसायटी में शनिवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से हड़कंप मच गया. यह आग प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के उस फ्लैट में लगी, जहां वे एक महीने पहले तक रहते थे. राहत की बात ये रही कि फ्लैट में उस समय केवल एक सेवक मौजूद था, जो सुरक्षित बाहर निकल आया. समय रहते आग पर काबू पाने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. अनुयायियों ने किसी को फ्लैट तक नहीं पहुंचने दिया. आग कैसे लगी इसकी जानकारी अनुयायियों ने नहीं दी.घटना के दौरान मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और मीडिया कर्मियों के साथ बाबा के शिष्यों द्वारा की गई अभद्रता ने विवाद खड़ा कर दिया.
फ्लैट में रह रहे थे बाबा के शिष्य: सोसायटी के गोविंदा ब्लॉक स्थित फ्लैट नंबर 212 में वर्तमान में बाबा के शिष्य रह रहे हैं. शनिवार देर रात जब पड़ोसियों को फ्लैट के अंदर से कुछ जलने की तेज बदबू आई, तो उन्होंने गौर किया कि अंदरूनी हिस्से में आग लगी हुई थी. आग को विकराल रूप लेता देख पूरी बिल्डिंग में भगदड़ मच गई और लोग सुरक्षा के लिए फ्लैटों से बाहर निकल आए। आनन-फानन में दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस और प्रशासन से उलझे शिष्य: आग की खबर मिलते ही राधा केली कुंज आश्रम से भारी संख्या में प्रेमानंद महाराज के शिष्य मौके पर पहुंच गए. आरोप है कि शिष्यों ने फ्लैट को चारों तरफ से घेर लिया और किसी को भी पास आने से रोकने लगे. हद तो तब हो गई जब उन्होंने मौके पर पहुंचे सीओ सदर प्रीतमपाल सिंह और कोतवाली प्रभारी संजय पांडे को भी जानकारी लेने से रोक दिया और उनके साथ अभद्रता की. मीडिया से छीना-झपटी की.

पत्रकारों के साथ भी शिष्यों की बदसलूकी: घटना की कवरेज कर रहे पत्रकारों के साथ भी शिष्यों ने बदसलूकी की. आरोप है कि उन्होंने कई लोगों के मोबाइल फोन छीन लिए. पुलिस के कड़े हस्तक्षेप के बाद मीडिया कर्मियों के फोन वापस दिलाए गए. इसी छीना-झपटी के दौरान कांग्रेसी नेता तुलसी स्वामी का मोबाइल फोन जमीन पर गिरकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. भारी नुकसान की आशंका है.
दमकल विभाग ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया है, लेकिन फ्लैट के अंदर रखे सामान को कितना नुकसान पहुंचा है, इसका सटीक अंदाजा अभी नहीं लग सका है. पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट तैयार की है. घटना के बाद से सोसायटी के लोगों में शिष्यों के इस व्यवहार को लेकर गहरा रोष व्याप्त है.
















Leave a Reply