रायबरेली में तेज रफ्तार कार ने 9 लड़कियों को रौंद दिया. इनमें से 4 लड़कियों की मौत हो गई, जबकि 5 लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गईं. सभी लड़कियां भंडारे से प्रसाद लेकर घर लौट रही थीं. तभी गंगा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार में आई एक कार ने उन्हें कुचल दिया.
कार की स्पीड इतनी ज्यादा थी कि लड़कियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला. दो लड़कियों ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि 2 की जिला अस्पताल पहुंचने से पहले जान चली गई. घायल पांचों लड़कियों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है.
मामला जगतपुर थाना क्षेत्र के चूली गांव का है. दरअसल, गंगा एक्सप्रेस-वे अभी यातायात के लिए खोला नहीं गया है लेकिन आसपास के गांवों में रहने वाले लोग बेधड़क एक्सप्रेस-वे पर कार-बाइक दौड़ाते हैं.
लालगंज की तरफ से आई कार: चूली गांव में एक नया मंदिर बना है. रविवार को मंदिर में भंडारा था। चूली, कोडर और हनुमानगंज गांव के तमाम लोग भंडारे में प्रसाद लेने पहुंचे थे. शाम करीब 7 बजे 10-12 लड़कियां पैदल अपने गांव लौट रही थीं. इसी दौरान गंगा एक्सप्रेस-वे पर लालगंज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने 9 लड़कियों को रौंद दिया.

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस बुलवाई। मृतकों की पहचान शालिनी (22) पुत्री जंग बहादुर, हिमांशी (23) पुत्री दल बहादुर, रश्मि (14) पुत्री रामरतन और आसमा (18) के रूप में हुई है. सभी लड़कियां ग्राम पंचायत कोडर की रहने वाली थीं. सूचना पाकर परिवारीजन पहुंचे. रश्मि की मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. वह कभी बेटी को सहलाती, तो कभी दहाड़ मारकर रोने लगती.
5 लड़कियों की हालत नाजुक: घटना की सूचना मिलते ही सीओ सीओ अरुण नौहार जिला अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर से घायलों का हालचाल लिया. हादसे में 5 लड़कियां गंभीर रूप से घायल हैं. उन्हें पहले जगतपुर अस्पताल ले जाया गया वहां प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया वहीं, पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है. हादसे के बाद ड्राइवर फरार हो गया. उसकी तलाश की जा रही है.
उधर, विधायक मनोज पांडेय ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया. घायल मीना ने बताया कि 10-12 लड़कियों के साथ भंडारे में प्रसाद लेने जा रहे थे. इस दौरान सामने आ रही तेज रफ्तार कार हम लोगों को रौंदते हुए निकल गई. इससे मेरे साथ गईं 4 लड़कियों की मौत हो गई.








Leave a Reply