मथुरा के डिप्टी कमिश्नर (उद्योग) के भाई की हरदोई में हत्या कर दी गई. शनिवार सुबह 5 बजे हमलावरों ने घर में घुसकर भाई पर बांके से हमला किया. चीख-पुकार मची तो हमलावर भाग गए. मां और पड़ोसी भागकर पहुंचे तो देखा वह पेट के बल जमीन पर तड़प रहा था. शरीर से खून बह रहा था. यह देखकर लोग घबरा गए.
पड़ोसी जब अस्पताल ले जाने लगे तो घायल युवक ने कहा- मैं अभी मरा नहीं हूं, जिंदा हूं. अभी कहीं मत लेकर जाओ, मेरे भाई को आने दो. मरने से पहले उसने गांव के हत्यारों के नाम भी बताए. कहा कि इंद्रपाल ने अपने दो साथियों के साथ पूरी साजिश के तहत उस पर हमला किया. हालांकि, पड़ोसी उसे मेडिकल कॉलेज ले गए. इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया.
बताया जा रहा है कि डिप्टी कमिश्नर के पिता की भी जून, 2023 में हत्या कर दी गई थी. पिता पर बांके से हमला किया गया था. मरने से पहले उन्होंने भी हत्यारों के नाम बताए थे. मामला पाली थाना क्षेत्र का है.
डिप्टी कमिश्नर रामेंद्र कुमार मथुरा में 10 साल से पोस्टेड हैं. हरदोई में जिला मुख्यालय से 45 किलोमीटर दूर मुड़रामऊ गांव में उनका पैतृक घर है. गांव में मां गोमती (78) और छोटा भाई विजय प्रताप (35) रहते हैं. विजय की शादी नहीं हुई है. 3 साल पहले पिता दयाराम (75) की हत्या कर दी गई थी.
मां गोमती ने बताया- शनिवार सुबह 6:30 बजे शोर सुनकर उठी तो देखा आंगन में छोटा बेटा विजय खून से लथपथ पड़ा था. वह गंभीर रूप से घायल था. इसी बीच गांववाले आ गए. बेटे ने मुझे बताया कि गांव के ही रहने वाले इंद्रपाल ने दो लोगों के साथ मिलकर उस पर हमला किया है. पड़ोसी उसे अस्पताल ले जाने लगे तो वह इनकार कर रहा था. कहने लगा कि पहले मेरे भाई को आने दीजिए. उसे तत्काल पाली सीएचसी पहुंचाया गया लेकिन, हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. वहां करीब 2 घंटे के इलाज के बाद विजय ने दम तोड़ दिया.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. पुलिस ने मां गोमती के बयान पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले.
















Leave a Reply