हरदोई में बेकाबू तेज रफ्तार डंपर ने सामने से तीन लोगों को रौंद दिया. भाई-बहन और मौसी की मौके पर मौत हो गई. उनकी लाशें सड़क पर बिखर गईं. युवक हेलमेट लगाए हुए था, फिर भी उसकी जान नहीं बची.
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार 5 फीट तक उछलकर सड़क पर गिर गए. सिर पर चोट आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. बाइक डंपर में भी फंसा रहा और कुछ दूर तक घिसटता रहा. हादसा शनिवार को सुरसा थानाक्षेत्र में हुआ.
युवक बहन को CTET की परीक्षा दिलाने जा रहा था. परिजन के अनुसार, युवक के चचेरे भाई की कल बरीक्षा थी। उसी में शामिल होने के लिए मौसी आई हुई थीं. परिजनों के अनुसार, सुबह भाई-बहन जाने लगे तो मौसी ने कहा कि हमें भी वैसे घर छोड़ देना. इसके बाद वह भी बाइक पर बैठ गईं. हादसे के बाद ड्राइवर डंपर छोड़कर फरार हो गया. मृतकों की पहचान मधु अवस्थी (23), उनके भाई आदर्श (20) और मौसी कामिनी के रूप में हुई.
टक्कर से भाई का सिर फटा, बाइक पटरी से टकराई: शनिवार को सीटेट की परीक्षा थी। फतियापुर गांव निवासी मधु अवस्थी (23) परीक्षा देने हरदोई जा रही थीं. उन्हें परीक्षा केंद्र तक छोड़ने के लिए छोटा भाई आदर्श अवस्थी (20) बाइक से निकला. बाइक पर उनकी मौसी कामिनी पांडेय (40) भी सवार थीं। आदर्श पहले मौसी को उनके ससुराल बावन चुंगी छोड़ने वाला था.
इसके बाद बहन मधु को परीक्षा केंद्र पहुंचाने की योजना थी. तीनों एक ही बाइक (UP 30 CA 5328) से हरदोई शहर की ओर जा रहे थे. सुबह 8:15 बजे ढोलिया चौराहा के नजदीक सामने से आ रहे डंपर (UP 30 CT 6385) ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक 5 मीटर तक घिसटती हुई सड़क किनारे पटरी से जा टकराई.
हेलमेट पहने होने के बावजूद आदर्श के सिर में गंभीर चोट आई. उसका सिर फट गया। मधु और कामिनी भी बुरी तरह घायल हो गईं. तीनों सड़क पर दूर-दूर जा गिरे, उनके शरीर की कई हड्डियां टूट गईं. थोड़ी देर तक तपड़पने के बाद तीनों की मौत हो गई.
राहगीर मदद के लिए दौड़े और डंपर को रोक लिया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर सुरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. दुर्घटनाग्रस्त डंपर को पुलिस ने जब्त कर लिया है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे. शव देखकर फूट-फूटकर रो पड़े.
दिल्ली में काम करता था आदर्श, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी मधु: मृतक आदर्श के पिता अरविंद अवस्थी ने बताया- खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। छोटा बेटा आदर्श दिल्ली की एक फैक्ट्री में काम करता था. शुक्रवार को चचेरे भाई की परीक्षा में शामिल होने के लिए वह छुट्टी लेकर घर आया था. इसी कार्यक्रम के सिलसिले में उनकी साली कामिनी पांडेय भी फतियापुर आई हुई थीं. मधु प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी. शनिवार को उसकी सीटेट की परीक्षा थी. आदर्श मौसी को ससुराल छोड़ने और बहन को परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से निकला था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया.
थाना प्रभारी सुरसा सुनील कुमार मिश्रा ने बताया- “डंपर की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हुई है. डंपर को कब्जे में ले लिया गया है. चालक की तलाश की जा रही है. मामले की जांच की जा रही है और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”
















Leave a Reply