वाराणसी में कोडीन कफ सिरप केस में अमित यादव को STF खींचकर ले गई, CM योगी ने दिखाई थी फोटो

Spread the love

यूपी में कोडीन कफ सिरप केस में STF ने आरोपी अमित यादव को वाराणसी से गिरफ्तार किया है. अमित यादव, शुभम जायसवाल सिंडीकेट का सदस्य है.

STF ने उसे खींचकर गाड़ी में बिठाया। पुलिस लाइन ले जाकर पूछताछ की गई. टीम इसके बाद काली स्कॉर्पियों से लखनऊ लेकर रवाना हो गई है. अमित यादव पर वाराणसी में तीन और लखनऊ के मुकदमा दर्ज है.

अमित यादव का प्रकरण सीएम योगी ने दिसंबर 2025 में विधानसभा में उठाया था. एक फोटो भी दिखाई थी, जिसमें वह सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ था. इसके बाद से अमित लापता था और टीम उसकी तलाश में जुटी थी.

कैसे पकड़ा गया? STF ने कफ सिरप सिंडिकेट में कई गिरफ्तारी की है। विभोर राणा, विशाल सिंह, अमित कुमार सिंह उर्फ टाटा और आलोक कुमार सिंह से पूछताछ में अमित यादव का नाम सामने आया। उसे वाराणसी में काशीधाम के पास हरहुआ रिंगरोड से गिरफ्तार किया गया।

अमित ने पूछताछ में बताया- वह पहले वाराणसी के हरिश्चन्द्र स्नातकोत्तर कॉलेज का छात्रसंघ अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी की युवजन सभा का प्रदेश सचिव रह चुका है.

उसका परिचय कॉलेज चुनाव के दौरान छात्र शुभम जायसवाल से हुआ था. शुभम जायसवाल के पिता भोला प्रसाद की ‘शैली ट्रेडर्स’ नामक फर्म के माध्यम से एबॉट कंपनी की कोडीन युक्त फेन्सेडिल कफ सिरप का बड़ा कारोबार रांची (झारखंड) और वाराणसी में संचालित होता था.

अमित यादव (बाएं से तीसरे) का प्रकरण सीएम योगी ने दिसंबर 2025 में विधानसभा में उठाया था. यह फोटो भी दिखाई थी, जिसमें वह सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ था.

कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी: जांच में सामने आया कि कोडीन युक्त फेन्सेडिल कफ सिरप का दुरुपयोग नशे के रूप में किया जाता है. इसकी मांग पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश में अधिक है.

अभियुक्त के अनुसार, शुभम जायसवाल के कहने पर उसने अपनी फर्म ‘जीएल सर्जिकल’ (सप्तसागर दवा मंडी, थाना कोतवाली, वाराणसी) के नाम से लगभग एक लाख बोतल कफ सिरप खरीदी, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई गई.

आरोप है कि इन बोतलों को अन्य फर्मों में फर्जी बिक्री दर्शाकर तस्करों को ऊंचे दाम पर बेचा गया और अवैध लाभ अर्जित किया गया.

दर्ज धाराएं और आगे की कार्रवाई: गिरफ्तार अभियुक्त अमित के खिलाफ मुकदमा संख्या 182/2024 में भारतीय दंड संहिता की धाराएं 419, 420, 467, 468, 471, 120बी, 201 तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(ग) /21 (ग)/29 थाना सुशांत गोल्फ सिटी, कमिश्नरेट लखनऊ में दर्ज है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *