हरदोई जनपद के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहजहांपुर हाईवे पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है. बेहटा गोकुल गांव के पास बारातियों को लेकर जा रही एक निजी बस ने आगे चल रहे धीमी गति के डंपर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. जिसके बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
15 बाराती घायल, 11 की हालत गंभीर: इस हादसे के बाद बस में सवार कई यात्री सीटों से उछलकर नीचे गिर पड़े, जिससे बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए. इस दुर्घटना में करीब 15 बाराती घायल हुए हैं, जिनमें 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को एंबुलेंस एवं निजी वाहनों की सहायता से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार समय पर उपचार मिलने से फिलहाल सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
ड्राइवर की लापरवाही से हुआ हादसा: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बस चालक की लापरवाही के कारण हुआ. दुर्घटना के बाद निजी बस का चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया और फरार चालक-कंडक्टर की तलाश शुरू कर दी है.
बस में सवार थे 40 से ज्यादा बाराती: बताया गया कि बस में करीब 40 से 45 बाराती सवार थे. अरवल थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव निवासी दिनेश के पुत्र बादाम की शादी के लिए बारात निजी बस से बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के बहेरा गांव जा रही थी. शादी की खुशियों के बीच यह बारात हादसे का शिकार हो गई. हादसे में घायल हुए लोगों में देवदत्त (65), सदानंद (45), अवधेश पाल (36), जीतू (28), कप्तान सिंह (35), रामकिशोर, बलवीर (30), मान सिंह (45), जबर सिंह (50),जसकरण (45) एवं मुन्नूलाल (65) शामिल हैं.
















Leave a Reply