मौत के मुंह से निकलकर भारत पहुंची पीवी सिंधु, दुबई एयरपोर्ट पर अटकी थीं सांसें

Spread the love

टीम इंडिया की बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे भयावह युद्ध के बीच फंसी थीं. दुबई पर भी मिसाइलें दागी गईं जिसके चलते उड़ाने रद्द कर दी गईं थीं और भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु एयरपोर्ट पर ही फंस गई. एयरपोर्ट के आस-पास भी धमाके हुए इसकी पुष्टि खुद सिंधू ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी थी. हालांकि, अब सिंधु की सुरक्षित घर वापसी हो चुकी है, जिसके बाद उन्होंने स्टाफ और अधिकारियों का शुक्रिया अदा किया. 

दुबई एयरपोर्ट से शेयर की थी वीडियो: पीवी सिंधु दुबई एयरपोर्ट में डरी हुई थीं. उन्होंने कुछ वीडियोज भी शेयर की थीं और लगातार सोशल मीडिया पर स्थिति को लेकर अपडेट दे रही थीं. उन्होंने एयरपोर्ट पर मौजूदगी के दौरान एक इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा था, ‘यह मुश्किल बढ़ती जा रही है और हालात हर घंटे और डरावने होते जा रहे हैं. कुछ घंटे पहले से एयरपोर्ट पर हम जहां छिपे हुए थे, उसके पास एक धमाका हुआ. मेरे कोच को जल्दी से उस जगह से भागना पड़ा क्योंकि वह धुएं और मलबे के सबसे करीब थे. यह हम सभी के लिए बहुत टेंशन वाला और डरावना पल था.’

अब किया नया पोस्ट

पीवी सिंधु ने एक्स पर पोस्ट करते हुए घर वापसी के बाद लिखा, ‘बैंगलोर में घर वापस और सुरक्षित. पिछले कुछ दिन बहुत मुश्किल और अनिश्चित रहे हैं, लेकिन मैं अपने घर वापस आकर सच में शुक्रगुजार हूं. शानदार ग्राउंड टीम, दुबई अथॉरिटी, एयरपोर्ट स्टाफ, इमिग्रेशन और हर उस इंसान का दिल से शुक्रिया जिन्होंने इस मुश्किल समय में आगे आकर हमारी इतनी अच्छी देखभाल की. ​​हमदर्दी और प्रोफेशनलिज़्म शब्दों से कहीं ज्यादा मायने रखता है.अभी के लिए, आराम करने, खुद को रीसेट करने और अगले कदम तय करने का समय है.’

बर्मिंघम जा रही थीं सिंधु: सिंधु ने पहले पोस्ट में बताया था, ‘मैं बैंगलोर से, जहां मैं अब फुल-टाइम ट्रेनिंग करती हूं और रहती हूं, UK के बर्मिंघम जा रही थी, ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए और आप जानते हैं, जैसे ही हमारी फ्लाइट दुबई में लैंड हुई, हमारे कंट्रोल से बाहर की घटनाएं होने लगीं और थोड़ी ही देर बाद आप जानते हैं, एयरस्पेस भी बंद कर दिया गया. पिछले कुछ घंटे बहुत टेंशन वाले रहे हैं. हम ऊपर से इंटरसेप्शन की आवाज़ें सुन सकते थे, और कुछ घंटों बाद, दुबई एयरपोर्ट पर जहां हम छिपे हुए थे, उसके बहुत पास एक धमाका हुआ. मेरा कोच वहां से मुश्किल से 100 मीटर दूर था. आप जानते हैं, ऐसा हुआ और मुझे जल्दी से उस जगह से बाहर निकलना पड़ा.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *