Asian Games: शूटर नीरू ढांडा ने रचा इतिहास, भारत ने जीता 5वां गोल्ड

Spread the love

जापान के आइची-नागोया में जारी एशियन गेम्स 2026 का आज 11वां दिन है. भारत के अनके एथलीट अपनी किस्मत आजमाते रहे हैं. निशानेबाज, मुक्केबाज, एथलेटिक्स और टेनिस की स्पर्धाओं में खिलाड़ी एक्शन में होंगे. मंगलवार को भारत ने अब तक दो मेडल हासिल किए हैं. भारत ने एक सिल्वर और एक गोल्ड अपने नाम किया. भारत के कुल पदकों की संख्या 47 हो गई है, जिसमें से पांच गोल्ड, 21 सिल्वर और 21 ब्रॉन्ज हैं. भारत पदक तालिका में फिलहाल 12वें नंबर पर है.

नीरू ढांडा ने जीता ऐतिहासिक गोल्ड: नीरू ढांडा ने महिला ट्रैप स्पर्धा (शूटिंग) में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीता है. वह एशियन गेम्स में इस स्पर्धा में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला शूटर हैं. इस भारतीय शूटर ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया. नीरू ने चीन की सुन युनोंग को पीछे छोड़ते हुए आखिरी दौर में भी अपनी बढ़त बनाए रखी और गोल्ड हासिल किया. महिलाओं के ट्रैप फाइनल में 30 शॉट्स के बाद नीरू 28 हिट्स के साथ आगे बनी रहीं. चीन की सुन युनोंग 26 हिट्स के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जिससे नीरू उनसे दो हिट्स आगे रहीं. कुवैत की हजर अब्दुलमलिक 21 हिट्स के साथ तीसरे स्थान पर रहीं.

महिला ट्रैप टीम का सिल्वर पर कब्जा: भारत ने एशियन गेम्स के 11वें दिन महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में सिल्वर पर कब्जा जमाया. नीरू ढांडा (118), आशीमा अहलावत (106) और मनीषा कीर (104) ने मिलकर 328 पॉइंट हासिल किए और भारत दूसरे स्थान पर रहा. चीन 346 पॉइंट के साथ टॉप पर रहा और गोल्ड जीता. चीन की टीम में लियू शानशान, सुन युनोंग और झू जिंग्यू शामिल थीं. कुवैत की अलहवाल शाहद, अब्दुलमलिक हजर और अलहवाल सारा की टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया.

क्वार्टर फाइनल में महिला स्क्वॉश टीम: भारतीय महिला स्क्वॉश टीम ने मंगलवार को ग्रुप चरण के अपने आखिरी मुकाबले में ईरान को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. पहले एकल मैच में प्रतिद्वंद्वी के बीच में ही हटने के कारण तन्वी खन्ना को विजेता घोषित किया गया. तन्वी के खिलाफ नरगिस सोल्तानी 5-11, 0-3 से पीछे चल रही थीं, तभी उन्होंने मुकाबले से हटने का फैसला किया. इसके बाद व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीत चुकीं अनाहत सिंह ने फेरेश्तेह इघतेदारी को 3-0 से हराकर भारत को 2-0 की अजेय बढ़त दिला दी. अनाहत ने मुकाबला 11-5, 11-4, 11-7 से अपने नाम किया। अनुभवी जोशना चिनप्पा ने तीसरे एकल मुकाबले में नजमेह बौशेहरिजादेह को 3-0 (1-1, 11-3, 11-9) से मात देकर भारत की 3-0 की जीत पूरी की. क्वार्टर फाइनल में भारत का सामना बुधवार को सिंगापुर से होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *