मिचेल सेंटनेर की अगुवाई वाली न्यूजीलैंड टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में धमाकेदार एंट्री मारी है। न्यूजीलैंड ने बुधवार को टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से रौंदा। साउथ अफ्रीका ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 170 रनों का टारगेट दिया, जिसे न्यूजीलैंड ने महज 12.5 ओवर में एक विकेट गंवाकर चेज कर लिया। साउथ अफ्रीका सलामी बल्लेबाज फिल एलन के ‘शतकीय बम’ से तबाह हुआ।
उन्होंने 33 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल हैं। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक है। एलन ने वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2016 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में शतक जमाया था। न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई है। न्यूजीलैंड को 2021 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
इससे पहले, साउथ अफ्रीका ने टॉस गंवाने के बाद निर्धारित 20 ओवर में आठ पर 169 रन जुटाए। मार्को यानसेन के अर्धशतक (30 गेंदों में नााबाद 55) की मदद से साउथ अफ्रीका ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाजों के लिए कठिन पिच पर न्यूजीलैंड के आफ स्पिनर कोल मैकोंची (एक ओवर में नौ रन देकर दो विकेट) और बाएं हाथ के स्पिनर रचिन रविंद्र (चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट) ने कहर बरपाती हुई गेंदबाजी करके साउथ अफ्रीका के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया। इसके बाद यानसेन और ट्रिस्टन स्टब्स (24 गेंद में 29 रन) ने पारी को संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 73 रन जोड़े।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने 11वें ओवर में पांच विकेट 77 रन पर गंवा दिए थे। पारी के आगे बढ़ने के साथ ही ओस की भूमिका अहम हो गई और स्ट्रोक्स खेलना आसान लगने लगा। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर्स में शामिल यानसेन ने अपनी पारी में पांच छक्के लगाए और अधिकांश छक्के दर्शक दीर्घा की 15वीं पंक्ति के पार गए, जिससे उनके दमखम और टाइमिंग का पता चलता है। उन्होंने 19वें ओवर में लॉकी फर्ग्युसन को दो छक्के लगाए और 27 गेंदों में फिफ्टी पूरी की।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनेर ने दूसरे ओवर में ऑफ स्पिनर मैकोंची को गेंद सौंपी जिन्होंने मैच में एक ही ओवर डाला लेकिन क्विंटोन डिकॉक (10) और रियान रिकेलटन (0) को लगातार दो गेंदों पर आउट किया। डेवाल्ड ब्रेविस ने 27 गेंद में 34 रन बनाए लेकिन वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। उन्हें जेम्स नीशाम ने आउट किया। ब्रेविस के आउट होने के समय न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 77 रन था, जिसके बाद यानसेन ने मोर्चा संभाला। रविंद्र ने एडेन माक्ररम (18) और डेविड मिलर (6) को पवेलियन भेजा।














Leave a Reply