खामोश हो गई 12000 गानों को आवाज देने वाली आशा भोसले, 92 की उम्र में कहा अलविदा

Spread the love

हिंदी सिनेमा की मशहूर प्लेबैक सिंगर आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन हो गया. खबर के मुताबिक 11 अप्रैल को उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उन्हें तुरंत ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. इस दुखद खबर की पुष्टि महाराष्ट्र के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने की. बताया गया है कि उनका पार्थिव शरीर कल सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उनके घर पर रखा जाएगा. 

सोमवार को अंतिम संस्कार: उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि अंतिम संस्कार शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में होगा. आशा भोसले भारतीय संगीत जगत की सबसे बड़ी और सम्मानित आवाजों में से एक थीं. उनका जन्म 8 सितंबर, 1933 को हुआ था और उन्होंने बहुत छोटी उम्र में ही गाना शुरू कर दिया था. अपने लंबे करियर में उन्होंने हजारों गाने गाए, जो हिंदी के अलावा मराठी, बंगाली और गुजराती जैसी कई भाषाओं में थे. उनकी आवाज हर दौर के लोगों को पसंद आई और उन्होंने कई पीढ़ियों को अपने गानों से जोड़ा. 

यही वजह है कि उनके जाने से पूरी फिल्म और संगीत इंडस्ट्री को गहरा झटका लगा. हर कोई इस खबर से स्तंभ रह गया. उनकी तबीयत को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें चल रही थीं, जिस पर उनकी पोती जनाई भोसले ने खुद सामने आकर जानकारी दी थी. उन्होंने एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘मेरी नानी आशा भोसले को ज्यादा थकान और छाती में इंफेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हम आप सभी से प्राइवेसी बनाए रखने की अपील करते हैं’.

कई बड़े अवॉर्ड्स से हो चुकीं सम्मानित: उन्होंने आगे लिखा, ‘इलाज चल रहा है और हमें उम्मीद है कि सब ठीक होगा’. लेकिन बाद में ये दुखद खबर सामने आई जिसने सभी को चौंका दिया. अपने शानदार करियर में आशा भोसले को कई बड़े अवॉर्ड्स से सम्मानित किया गया. उन्हें देश के सबसे बड़े सिनेमा सम्मान दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड और पद्म विभूषण जैसे पुरस्कार मिले. ये सम्मान उनके संगीत में दिए गए योगदान को दिखाते हैं. उन्होंने हर तरह के गाने गाए, चाहे वो रोमांटिक हों, आइटम सॉन्ग हों या गजल.

बेहद उतार-चढ़ाव भरी रही पर्सनल लाइफ: उनकी पर्सन लाइफ भी काफी उतार-चढ़ाव भरी रही. 16 साल की उम्र में उन्होंने अपनी बहन लता मंगेशकर के पर्सनल सेक्रेटरी गणपतराव भोसले से शादी की थी, जो उनसे उम्र में काफी बड़े थे. ये शादी ज्यादा समय तक नहीं चल सकी और उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा. बाद में उनकी जिंदगी में मशहूर संगीतकार आर डी बर्मन आए, जिनसे उन्होंने शादी की. दोनों की जोड़ी ने संगीत की दुनिया में कई यादगार गाने दिए. ये रिश्ता प्यार और संगीत दोनों का खूबसूरत मेल था, जिसे आज भी याद किया जाता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *