‘भाबी जी घर पर हैं’ फेम एक्टर ‘अनुराग’ की हालत नाजुक, 9वीं बार अस्पताल में भर्ती; मांगी आर्थिक मदद

Spread the love

‘भाबी जी घर पर हैं!’ और ‘एफआईआर’ जैसे लोकप्रिय टीवी शो में अपने काम के लिए पहचाने जाने वाले एक्टर ईश्वर ठाकुर इस समय गंभीर स्वास्थ्य परेशानियों से जूझ रहे हैं. उन्हें 9वीं बार अस्पताल में भर्ती कराया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार सुबह उनकी स्थिति काफी बिगड़ गई, उनका ब्लड प्रेशर तेजी से नीचे गिर गया और वह कल से ही कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं.

54 साल के ईश्वर ठाकुर पिछले कई सालों से स्वास्थ्य समस्याओं से लड़ रहे हैं. उनकी बहन जयश्री के अनुसार, इस बीमारी की शुरुआत 2020 में कोविड-19 लॉकडाउन से लगभग तीन महीने पहले उनके पैर में लगे एक घाव से हुई थी. ईश्वर को डायबिटीज होने के कारण घाव ठीक से नहीं भर पाया और धीरे-धीरे यह एक गंभीर संक्रमण में बदल गया. बीते वर्षों में उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई और इसका असर उनके कई अंगों पर पड़ा. उन्हें डायबिटीज के साथ-साथ किडनी से जुड़ी समस्याएं भी हैं और उनका लिवर भी अब ठीक से काम नहीं कर रहा है.

इलाज के चक्कर में क्यों बेचना पड़ा घर? दरअसल, हाल ही में ‘इंडिया टुडे’ से बातचीत में जयश्री ने बताया कि अपने भाई का इलाज जारी रखने की कोशिश में परिवार की सारी जमा पूंजी खत्म हो चुकी हैं. जयश्री ने कहा, ‘ईश्वर मेरे बड़े भाई हैं. हमने उनके इलाज में अपनी पूरी जमा पूंजी खर्च कर दी, यहां तक कि हमें अपना घर भी बेचना पड़ा. मैं और मेरे पति ईश्वर की देखभाल कर रहे हैं, लेकिन अब हम ऐसे मोड़ पर पहुंच चुके हैं, जहां समझ नहीं आ रहा कि आगे क्या करें. मेरी मां भी दिल की मरीज हैं और पूरी तरह से हम पर ही निर्भर हैं.’

क्या ईश्वर ठाकुर ने खुद जताई थी बीमारी से लड़ने की इच्छा? जयश्री के अनुसार, मंगलवार सुबह ईश्वर की हालत नाजुक हो गई थी. उन्होंने बताया, ‘मैंने कल ही उनसे बात की थी और उन्होंने मुझसे कहा था कि वह इस बीमारी से लड़ना चाहते हैं. लेकिन अब हमारे पास उनका इलाज जारी रखने के साधन नहीं बचे हैं और हमें तुरंत आर्थिक मदद की सख्त जरूरत है.’

इंडस्ट्री से क्यों है दोबारा मदद की उम्मीद? कोरोना काल के दौरान जब पहली बार ईश्वर की बीमारी की खबर आई थी, तब टीवी और मनोरंजन उद्योग के कई लोग उनकी मदद के लिए आगे आए थे. जयश्री ने बताया कि ईश्वर ने खुद बीमारियों से जूझते हुए भी हमेशा अपनी मां के लिए दवाइयों का इंतजाम किया और उन्होंने कभी शादी भी नहीं की ताकि वह अपने परिवार का ख्याल रख सकें. लेकिन अब परिवार एक बार फिर बेहद लाचार स्थिति में है और अपने अपनों को बचाने के लिए दर-दर भटक रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *