हमीरपुर में झोपड़ी में बिजली तारों की स्पार्किंग से लगी आग, बुजुर्ग की मौत

Spread the love

इरशाद खान, हमीरपुर।
हमीरपुर के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में आज एक दर्दनाक हादसे में वृद्ध की झोपड़ी में आग लगने से मौत हो गई. सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है.

घटना मौदहा क्षेत्र के करहिया गांव की है. गांव के बाहर 65 वर्षीय रतिराम अपनी पत्नी गिर्जारानी के साथ झोपड़ी में रहते थे. बताया गया कि आज शाम करीब चार बजे उनकी झोपड़ी में अचानक आग लग गई. आग लगते ही रतिराम ने उसे बुझाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वह आग की लपटों की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

झोपड़ी में आग लगती देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और खुद भी आग बुझाने में जुट गए. सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक रतिराम की झोपड़ी और पूरा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो चुका था. आग की चपेट में आकर उनकी दो बकरियां भी जल गईं.

बताया गया कि रतिराम के तीन बेटे और दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है और वे बाहर रहते हैं. छोटा बेटा दीपक गांव में ही अलग मकान में रहकर मजदूरी करता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि रतिराम की झोपड़ी के ऊपर से बिजली के तार निकले हुए हैं. उन्हीं तारों में स्पार्किंग होने से निकली चिंगारी के कारण झोपड़ी में आग लगी है.

मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी राज कुमार पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है. आग बुझाने के दौरान रतिराम उसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *