नोएडा बस अग्निकांड में जान गंवाने वाले इंजीनियर मयंक और सरोज के शव हमीरपुर के राठ पहुंचे

Spread the love

UP के नोएडा बस अग्निकांड में जान गंवाने वाले राठ क्षेत्र के दोनों यात्रियों के शव शुक्रवार सुबह उनके पैतृक निवास पहुंचे. मृत इंजीनियर मयंक गुप्ता और सरोज गुप्ता के शव राठ पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. चीख-पुकार के बीच पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई.

मालूम हो कि दिल्ली से महोबा जा रही राज कल्पना ट्रेवल्स की बस में बुधवार रात नोएडा के पास अचानक आग लगने से राठ क्षेत्र के दो यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में बजरिया मुगलपुरा मोहल्ला निवासी इंजीनियर मयंक गुप्ता और जलालपुर थाना क्षेत्र के ममना गांव व हाल मुकाम बजरिया निवासी सरोज गुप्ता ने जान गंवाई. घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया था.

मृत सरोज गुप्ता

बताया गया कि बुधवार रात बस दिल्ली से महोबा के लिए रवाना हुई थी. नोएडा से निकलते ही बस में अचानक आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई. हादसे में कई यात्री आग की चपेट में आ गए. इनमें राठ के मयंक गुप्ता और सरोज गुप्ता की भी मौत हो गई.

हादसे की जानकारी मिलने पर बृहस्पतिवार सुबह दोनों के परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हुए. वहां पहुंचकर उन्होंने शवों की पहचान मयंक गुप्ता और सरोज गुप्ता के रूप में की. शुक्रवार सुबह दोनों के शव राठ पहुंचे. मुगलपुरा स्थित घर पर एंबुलेंस के पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. अंतिम दर्शन के लिए मोहल्ले और आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *